भोपालमध्य प्रदेश

CM शिवराज विदिशा के बाद पहुंचे सागर : बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, बोले- नुकसान की भरपाई सरकार करेगी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को प्रभावित इलाकों का सर्वे करने विदिशा पहुंचे। यहां उन्होंने नाव में बैठकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावितों को भोजन के पैकेट बांटे और उन्हें शासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

इसके बाद सीएम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए सागर के बीना पहुंचे। बीना रिफाइनरी हेलीपैड से वे कार में सवार होकर बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे। बेतवा नदी की बाढ़ से कई गांवों में पानी अभी भी घुसा हुआ है। सीएम ने स्थितियों का जायजा लिया और बाढ़ प्रभावित लोगों से बात कर उनकी समस्याएं जानीं।

सीएम ने सागर के बीना से सटे बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया।

सभी को राहत राशि दी जाएगी : सीएम

भारी बारिश के बाद सागर जिले में नदियां उफान पर हैं। बेतवा, धसान और बीना नदी का जलस्तर बढ़ने से गांवों में पानी घुस गया। निरीक्षण के दौरान सीएम चौहान ने लोगों से कहा कि भारी बारिश के कारण खेतों में लगी फसलों का नुकसान हुआ है। कोई भी चिंता मत करना। नुकसानी का पूरा सर्वे कराया जाएगा। राहत राशि दी जाएगी। साथ ही फसल बीमा योजना की राशि भी दिलाई जाएगी। इस संकट से सभी को बाहर निकालकर ले जाएंगे। मैं लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहा हूं। बाढ़ में यदि घर गिर गया होगा तो उसका घर भी बनवाया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पानी उतरते ही सर्वे शुरू कराएं। इस दौरान सागर कलेक्टर दीपक आर्य, एसपी तरुण नायक समेत अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम भिंड और मुरैना के लिए रवाना

विदिशा और सागर के बाद सीएम शिवराज चंबल नदी में आई बाढ़ का निरीक्षण करने के लिए भिंड, मुरैना के लिए रवाना हो गए।

सीएम ने विदिशा के नवीन कलेक्टर कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की।

विदिशा में अधिकारियों के साथ की बैठक

मुख्यमंत्री चौहान बुधवार दोपहर को विदिशा पहुंचे। यहां उन्होंने पहले नवीन कलेक्टर कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर बाढ़ से बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ और अतिवर्षा से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति की सरकार हर सम्भव मदद करेगी। बारिश बंद हो चुकी है और क्षेत्र में धीरे-धीरे पानी कम हो रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में बीमारी ना फैले इसके लिए दवा छिड़काव से लेकर साफ-सफाई में जुट जाएं। दवा वितरण एवं साफ-सफाई का काम युद्ध स्तर पर किया जाए। स्वास्थ्य विभाग मेडिकल टीम गठित कर गांव-गांव एवं शहर पहुंचकर मेडिकल चेकअप एवं दवा वितरण तीव्र गति से करें। शुद्ध पेयजल व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

विदिशा के जतरापुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों को भोजन के पैकेट वितरित किए।

लोगों को वितरित किया भोजन

इसके बाद सीएम कार से विदिशा के जतरापुरा पहुंचे। इसके आगे का रास्ता उन्होंने नाव में बैठकर पूरा किया। मुख्यमंत्री राजीव नगर में बसे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिले। इस कॉलोनी की तीन गलियों में चार से पांच फिट पानी था। मुख्यमंत्री करीब दो फीट तक भरे पानी में पैदल चलते हुए बाढ़ प्रभावित घरों में पहुंचे और उन्हें भोजन के पैकेट वितरित किए। सीएम ने लोगों से मिलकर उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की घड़ी में मैं और राज्य सरकार आपके साथ है। इस संकट से आपको जल्दी ही निकालकर ले जाएंगे। आप परेशान बिल्कुल भी ना हों, चाहे फसल का नुकसान हुआ हो या अन्य दूसरा, हर चीज का सर्वे कर आपको हुए नुकसान की भरपाई मध्यप्रदेश सरकार करेगी।

ये भी पढ़ें: CM शिवराज ने युद्ध स्तर पर व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए निर्देश, फसलों के नुकसान की मांगी रिपोर्ट; PM मोदी को बताई स्थिति

जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा : सीएम

सीएम शिवराज ने कहा कि पानी अभी उतरना शुरू हुआ है। पूरा खाली होने में समय लग सकता है। कल मैंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों बासौदा, विदिशा, कुरवाई, राजगढ़ और गुना का सर्वे किया था। कुछ स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशन में भी शामिल हुआ। आज तत्काल यहां आने का कारण यही था कि कुछ चीजें प्राथमिकता के आधार पर तय हो सकें। एक और चुनौती हमारे सामने हैं, जिनके घर पूरी तरह से डूब गए हैं उनकी। मैंने निर्देश दिए हैं कि कुछ दिनों तक उन्हें राहत कैंपों में रखा जाए। उनकी भोजन समेत अन्य जरूरतों का ध्यान रखा जाए। पुल-पुलिया, सड़क समेत अनेक कार्यों की मरम्मतभी तीव्र गति से करना है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button