रक्षाबंधन का गिफ्ट : CM शिवराज का लाड़ली बहनों को तोहफा, कल रीवा से जारी होगी तीसरी किस्त

भोपाल। मध्य प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का तोहफा मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल 10 अगस्त को लाड़ली बहना योजना की तीसरी किस्त के एक-एक हजार रुपए महिलाओं के खाते में डालेंगे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सभी जिलों की ग्राम पंचायतें और वार्ड वर्चुअली जुड़ेंगे। वहीं इस बार 21 से 23 साल की बहनों और ट्रैक्टर धारक परिवार की महिलाओं को भी राशि मिलेगी।
10 तारीख मतलब लाड़ली बहना दिवस : सीएम
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि मेरी लाड़ली बहनों फिर 10 तारीख आ रही है... 10 तारीख मतलब लाड़ली बहना दिवस, 10 तारीख मतलब महिला सशक्तिकरण दिवस, 10 तारीख मतलब बहनों की जिंदगी में बदलाव का दिवस...। इस बार 10 अगस्त को मैं रीवा से आपके खातों में 1-1 हजार रुपए डालूंगा। रीवा का कार्यक्रम 1 बजे प्रारंभ होगा और 2 बजे मैं अपनी बहनों से बात करूंगा। मेरी आप सभी से अपील है कि अपने-अपने गांव, शहर और वार्ड में अपने भाई को सुनने इस कार्यक्रम में जरूर उपस्थित रहें।





















