अंतर्राष्ट्रीय

USA के बाद लैटिन अमेरिका में दिखा चीनी जासूसी गुब्बारा, पेंटागन ने जारी किया बयान; ब्लिंकन का चीन दौरा रद्द

वॉशिंगटन। अमेरिका के बाद अब लैटिन अमेरिका के आसमान में भी एक चीनी जासूसी गुब्बारा उड़ता दिखाई दिया है। पेंटागन ने शुक्रवार रात कहा कि, अमेरिका में दिखने के एक दिन बाद लैटिन अमेरिका में उसी तरह का गुब्बारा आसमान में देखा गया। उन्होंने कहा- हमारा अंदाजा है कि यह एक और जासूसी बैलून है, जो चीन का ही है। इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपना चीन का दौरा भी रद्द कर दिया है।

खुफिया जानकारी इकट्ठा करता है यह बैलून: अमेरिका

दरअसल, गुरुवार को अमेरिका के मोंटाना शहर में भी एक जासूसी बैलून दिखा था। जिसका आकार तीन बसों के बराबर है। अमेरिका की डिफेंस मिनिस्ट्री पैंटागन ने इसे खुफिया जानकारी इकट्ठा करने वाला बैलून बताया था। घटना के बाद चीन ने माफी मांग ली थी और कहा था कि ऐसा गलती से हुआ है। नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड (NORAD) इस स्पाई बैलून पर लगातार नजर रखे हुए हैं। अमेरिका का दावा है कि उनके न्यूक्लियर लॉन्च साइट के ऊपर चाइनीज स्पाई बैलून देखा गया। हालांकि चीन ने इसे लेकर सफाई भी पेश की है।

चीन की सफाई- गलती से मोंटाना पहुंच गया था बैलून

चीन ने इसपर सफाई पेश करते हुए कहा कि, यह बैलून खुफिया जानकारी इकट्ठा करने वाला नहीं बल्कि एक सिविलियन एयरशिप है। इसका इस्तेमाल केवल मौसम की जानकारी के लिए होता है। तेज हवाओं की वजह से यह तय रूट से भटक गया और मोंटाना पहुंच गया।

वहीं चीन के इस बयान पर अमेरिका का कहना है कि, अगर यह महज एक सिविलियन बैलून है तो 6 हजार किलोमीटर दूर मोंटाना तक कैसे और क्यों पहुंचा। पेंटागन का दावा हो कि, इस बैलून को अमेरिका में निगरानी के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने अभी इस बैलून को तबाह करने पर कोई फैसला नहीं किया है। जिसके चलते यह अभी उन्हीं के एयरस्पेस में है।

क्यों रद्द हुआ अमेरिकी विदेश मंत्री चीन दौरा

अमेरिका के आसमान में चीन का जासूसी बैलून दिखने के बाद अब दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संकट पैदा हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने सहमति के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के चीन दौरे को रद्द कर दिया। वो रविवार से दो दिन के चीन के दौरे पर जाने वाले थे। अमेरिकी आसमान में चाइनीज स्पाई बैलून को लेकर उन्होंने कहा कि ये हमारी संप्रभुता के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है और यह स्वीकार नहीं है।

स्पाई बैलून के मोंटाना में दिखने की वजह

दरअसल, अमेरिका का मोंटाना कम आबादी वाला क्षेत्र है। यहां अमेरिकी एयरफोर्स का स्पेशल बेस भी है, जहां से इंटरकॉन्टिनेंटल मिसाइल ऑपरेट की जाती हैं। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक चीन का यह जासूसी उपकरण इन संवेदनशील जगहों की जानकारी जुटाने में जुटा है। बता दें कि हाल के सालों में अमेरिका में कई बार स्पाई बैलून देखे गए हैं। लेकिन इस बार यह संदिग्ध चीनी स्पाई बैलून काफी समय से अमेरिकी एयरस्पेस में नजर आ रहा है।

कनाडा में भी दिखा गुब्बारा

अमेरिका के बाद कनाडा में भी चीन का स्पाई बैलून देखा गया। कनाडा के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उन्होंने एक जासूसी गुब्बारा अपनी सीमा में आसमान में काफी ऊंचाई पर देखा। कनाडाई अधिकारियों के मुताबिकक, वे अमेरिका के साथ मिलकर इस घटना की जांच कर रहे हैं।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button