छिंदवाड़ा में 15 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, 3.81 लाख का माल जब्त

छिंदवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की खरीद-फरोख्त के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स पाउडर, दो दोपहिया वाहन, तीन मोबाइल फोन और 3700 रुपये नकद सहित कुल 3 लाख 81 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार 6 सितंबर 2026 को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि सिवनी निवासी विशाल विश्वकर्मा दोपहिया वाहन से एमडी ड्रग्स लेकर औद्योगिक क्षेत्र इमलीखेड़ा पहुंचने वाला है और वहां न्यूटन परासिया निवासी अनिमेष सूर्यवंशी को ड्रग्स बेचने वाला है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए कोतवाली पुलिस ने टीम गठित कर कार्रवाई की।
घेराबंदी कर विशाल और अनिमेष को पकड़ा, ड्रग्स व नकदी बरामद
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस की टीम औद्योगिक क्षेत्र इमलीखेड़ा पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर विशाल विश्वकर्मा और अनिमेष सूर्यवंशी की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 15 ग्राम एमडी ड्रग्स पाउडर बरामद किया गया। पुलिस ने इसके अलावा एक दोपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन और 2700 रुपये नकद जब्त किए। जब्त एमडी ड्रग्स की कीमत 37 हजार 500 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान विशाल विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि उसने एमडी ड्रग्स पाउडर नागपुर निवासी अब्दुल रशीद कुरैशी से खरीदा था।
ये भी पढ़ें: दुबई AIM कांग्रेस-2026 में सीएम मोहन यादव ने निवेशकों को दिया न्योता, कहा- मप्र सरकार कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होगी
पूछताछ में नागपुर कनेक्शन सामने आया, अब्दुल रशीद भी गिरफ्तार
विशाल से मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम ने मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए नागपुर निवासी अब्दुल रशीद कुरैशी की तलाश शुरू की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक दोपहिया वाहन, 1000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया। पूछताछ में अब्दुल रशीद ने भी पुलिस के सामने एमडी ड्रग्स पाउडर विशाल विश्वकर्मा को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय छिंदवाड़ा में पेश किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी ड्रग्स की खरीद-फरोख्त से जुड़े और कौन-कौन लोग हैं तथा इस नेटवर्क में ड्रग्स की सप्लाई कहां से और किन माध्यमों से होती थी।
तीन मोबाइल और दो वाहन समेत 3.81 लाख का मशरूका जब्त
पुलिस के अनुसार मामले में कुल 15 ग्राम एमडी ड्रग्स पाउडर, जिसकी कीमत 37 हजार 500 रुपये है, जब्त किया गया है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन की कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये, दो दोपहिया वाहनों की कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये और 3700 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इस तरह जब्त मशरूके की कुल कीमत 3 लाख 81 हजार 200 रुपये बताई गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वाले लोगों की पूरी श्रृंखला को खंगाला जा रहा है। इसके आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली इमारत हादसे में एमपी के 2 छात्रों की मौत, देवास के अर्पित और कटनी के अक्षत की गई जान
विशाल पर आठ और अब्दुल रशीद पर कई मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी विशाल पिता रामकुमार विश्वकर्मा उम्र 27 वर्ष, निवासी पीजी कॉलेज रोड, ब्रह्मकुमारी आश्रम के पास, सिवनी, थाना कोतवाली जिला सिवनी के खिलाफ सिवनी जिले में एमडी ड्रग्स, चोरी और मारपीट सहित करीब आठ मामले पहले से दर्ज हैं। दूसरे आरोपी अनिमेष पिता राजेंद्र सूर्यवंशी उम्र 28 वर्ष, निवासी त्रिमूर्ति चौक, न्यूटन, थाना परासिया, जिला छिंदवाड़ा का रहने वाला है। तीसरा आरोपी अब्दुल रशीद पिता अब्दुल रहमान कुरैशी उम्र 49 वर्ष, निवासी टेकानाका, टेका नई बस्ती, नागपुर, थाना पचपावली, जिला नागपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार अब्दुल रशीद के खिलाफ नागपुर में बलवा और मारपीट के मामले भी दर्ज हैं। कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी, निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, उपनिरीक्षक नारायण सिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक ब्रिजेश सिंह रघुवंशी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।



















