छिंदवाड़ा में भगवा ध्वज हटाने पर विवाद, एक घंटे हिंदूवादी संगठनों ने किया प्रदर्शन, झुका नगर निगम प्रशासन
छिंदवाड़ा। मानसरोवर कॉम्पलेक्स के पास अमित ठेंगे चौराहे पर मंगलवार दोपहर उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब नगर निगम की टीम हाईमास्क पर लगा भगवा ध्वज उतारने पहुंची। कर्मचारियों की कार्रवाई का आसपास के दुकानदारों और हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने विरोध किया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रशासनिक आदेश की बात सामने आते ही भड़के युवा
नगर निगम कर्मचारियों से ध्वज हटाने का कारण पूछने पर प्रशासनिक आदेश का हवाला दिया गया। बताया गया कि शहर के चौक-चौराहों से पताकाएं हटाई जानी हैं। इस पर मौके पर मौजूद युवाओं में नाराजगी बढ़ गई। विश्व हिंदू परिषद सहित छोटी बाजार क्षेत्र के युवा भी वहां पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान एक तरफ का रास्ता भी बंद कर दिया गया।
पुलिस पहुंची, करीब एक घंटे तक चला घटनाक्रम
विवाद की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चौराहे पर विरोध और समझाइश का दौर चलता रहा। इस बीच बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। पुलिस और नगर निगम अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने की अपील की।
कमिश्नर के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन, वापस लगाया भगवा ध्वज
स्थिति को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर सीपी राय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों को भगवा ध्वज यथास्थान रखने का आश्वासन दिया और धरना समाप्त करने की अपील की। इसके बाद तत्काल भगवा ध्वज को दोबारा हाईमास्क पर चढ़ा दिया गया। कमिश्नर के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया और स्थिति सामान्य हुई।
राष्ट्रीय ध्वज लगाने की योजना, आगे जनप्रतिनिधियों से होगी चर्चा
नगर निगम कमिश्नर सीपी राय ने बताया कि मानसरोवर कॉम्पलेक्स स्थित अमित ठेंगे चौराहे पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाना था। इसी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही थी। विरोध के बाद फिलहाल भगवा ध्वज दोबारा फहरा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब इस मामले में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से चर्चा कर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पहले भी सामने आ चुका है विवाद
छिंदवाड़ा में प्रशासनिक अधिकारियों और हिंदूवादी संगठनों के बीच इस तरह का विवाद पहले भी सामने आ चुका है। बीते दिनों केसरी नंदन हनुमान मंदिर में नारियल हटाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। एसडीएम सुधीर जैन के आदेश के बाद हिंदूवादी संगठन सक्रिय हुए थे। इसके बाद प्रशासन को अपना फैसला वापस लेना पड़ा था।
ये भी पढ़ें: सीएम डॉ. मोहन यादव ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन से की मुलाकात, MP में निवेश के लिए दिया न्योता
दोबारा भगवा ध्वज फहरा दिया गया है
मानसरोवर कॉम्पलेक्स स्थित अमित ठेंगे चौराहे पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाना था, इसे लेकर ही यह प्रक्रिया की जा रही थी। फिलहाल संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद दोबारा भगवा ध्वज फहरा दिया गया है। अब इस बारे में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से चर्चा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीपी राय, कमिश्नर, नगर निगम






















