छिंदवाड़ा:बैंक ऑफ इंडिया में लूट की कोशिश नाकाम, रस्सी बम से दहशत फैलाने का प्रयास; एक आरोपी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा। आरोपी लूट की नीयत से बैंक पहुंचे और रस्सी बम का इस्तेमाल कर हंगामा करने की कोशिश की। पुलिस के समय पर पहुंचने से आरोपी नकदी ले जाने में सफल नहीं हो सके। एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है।
ताला टूटा मिलने पर बैंक पहुंची पुलिस
शनिवार दोपहर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि परासिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बैंक का एक शटर नीचे और शाखा पहली मंजिल पर होने के कारण पुलिस दो शटर पार कर अंदर पहुंची। इसी दौरान पुलिस ने बैंक के भीतर स्थिति का जायजा लेना शुरू किया।

रस्सी बम से धमाका, एसआई घायल
इस दौरान अंदर छिपे आरोपी ने शटर उठाकर पेट्रोल से भरे रस्सी बम में आग लगा दी और धमाका कर दिया। धमाके के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने एसआई नारायण बघेल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ में चोट आई, लेकिन घायल होने के बावजूद उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें: Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी को तीन नहीं 5 गोलियां लगी थी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
फिंगर प्रिंट टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फिंगर प्रिंट टीम के सदस्य आनंद तिवारी और अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। जांच में पता चला कि फाइलों वाले हिस्से में आग लगा दी गई थी। आरोपियों ने लॉकर तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन समय रहते पुलिस पहुंचने से वे नकदी नहीं ले जा सके। पुलिस ने पूरे घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी के बैंक में छिपे होने की आशंका पर पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई, लेकिन वह नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अजय पांडे भी बैंक ऑफ इंडिया शाखा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी अधिकारियों से ली।












