CG News छत्तीसगढ़ की ओर तेजी से बढ़ रहा मानसून, 20 जून तक एंट्री के आसार; अगले 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

रायपुर। केरल में मानसून की दस्तक के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 6 से 10 जून तक गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि मानसून की वर्तमान रफ्तार बनी रही तो 20 जून के आसपास छत्तीसगढ़ में इसकी औपचारिक एंट्री हो सकती है।
20 जून तक छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है मानसून
छत्तीसगढ़ में सामान्यतः केरल में मानसून के आगमन के लगभग दो सप्ताह बाद मानसून प्रवेश करता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष मानसून की प्रगति सामान्य बनी रही तो 20 जून तक इसके प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कई बार बस्तर क्षेत्र में मानसून प्रवेश के बाद बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने से इसकी रफ्तार धीमी हुई है। हालांकि इस बार परिस्थितियां अनुकूल दिखाई दे रही हैं। यदि मानसून तय समय पर पहुंचता है तो जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा प्रदेश इसकी चपेट में आ सकता है।
CG NEWS छत्तीसगढ़ के आयुष पांडे का INDIA ‘A’ टीम में चयन, श्रीलंका दौरे पर दिखाएंगे दम
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण तथा द्रोणिका सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है और बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है। कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी के साथ मौसम सुहावना रहने की संभावना है।

50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए तेज अंधड़ और आंधी की चेतावनी जारी की है। अगले पांच दिनों के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।
अगले 5 दिनों तक जारी रहेगा प्री-मानसून का असर
प्रदेश में फिलहाल मानसून की आधिकारिक एंट्री नहीं हुई है, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह तक बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
किसानों के लिए राहत भरी खबर
मानसून की संभावित समय पर एंट्री किसानों के लिए राहत की खबर मानी जा रही है। खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटे किसान मानसून का इंतजार कर रहे हैं। समय पर बारिश होने से धान सहित अन्य फसलों की बुवाई प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो सकेगी।












