छत्तीसगढ़ में हीटवेव का अलर्ट!बिलासपुर में लू लगने से बुजुर्ग की मौत, अगले 5 दिन बढ़ेगी भीषण गर्मी

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 5 दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हीटवेव चल सकती है। प्रदेशभर में तापमान फिलहाल इसी स्तर पर बना रहने की संभावना है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
बिलासपुर में बुजुर्ग की मौत, लू लगने की आशंका
बिलासपुर जिले के जोंधरा गांव में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव बाजार में जूते की दुकान के बाहर मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार बुजुर्ग पिछले दो महीनों से गांव में भीख मांगकर अपना जीवन गुजार रहा था। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से बीमार था और भीषण गर्मी के बीच बाजार के आसपास ही पड़ा रहता था। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत लू लगने की वजह से हुई हो सकती है।
दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह
विशेषज्ञों और मौसम विभाग ने लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। इस दौरान UV रेज का स्तर बेहद खतरनाक रहने की संभावना है। सीधे धूप में रहने से त्वचा और आंखों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
कुछ मिनटों में हो सकती हैं गंभीर समस्याएं
डॉक्टरों के मुताबिक तेज धूप और अत्यधिक गर्मी के कारण शरीर पर तेजी से असर पड़ सकता है। इससे सनबर्न, आंखों में जलन, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।
ये भी पढ़ें: Heat Stroke Alert : हीट स्ट्रोक से पहले शरीर देता है Warning! भूलकर भी नजरअंदाज न करें ये 5 संकेत
मोबाइल-लैपटॉप भी हो रहे जल्दी गर्म
देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी तेजी से गर्म हो रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ज्यादा गर्मी से बैटरी डैमेज, डिवाइस की परफॉर्मेंस कम होना और अचानक फोन या लैपटॉप बंद होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
गर्मी से बचने के लिए क्या करें
- दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें
- ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- धूप में निकलते समय छाता या टोपी का इस्तेमाल करें
- मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को सीधे धूप में न रखें
- शरीर में कमजोरी, चक्कर या उल्टी महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें











