छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल के पिता का निधन, नंदकुमार बघेल ने 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस; पिछले 3 महीने से थे बीमार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले 3 महीने से बीमार चल रहे थे, जिसके बाद आज सुबह छह बजे उन्होंने रायपुर के बालाजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिता के निधन की खबर सुनते ही भूपेश बघेल दिल्ली से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं।
अस्पताल में ली अंतिम सांस
नंद कुमार बघेल बीते तीन महीनों से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 6 बजे उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि, नंद कुमार बघेल के दिमाग में खून का थक्का जमा था, साथ ही उन्हें निमोनिया भी था। पूरे शरीर में इंफेक्शन फैल गया था, जिस वजह से वे वेंटीलेटर पर भी रहे।भूपेश बघेल ने किया ट्वीट
पूर्व CM भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- दु:ख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि बाबूजी श्री नंद कुमार बघेल जी का आज सुबह निधन हो गया है। अभी पार्थिव शरीर को पाटन सदन में रखा गया है। मेरी छोटी बहन के विदेश से लौटने के बाद अंतिम संस्कार 10 जनवरी को हमारे गृह ग्राम कुरुदडीह में होगा।




















