Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दुर्ग में खत्म हो गया परिवार!माता-पिता और दो बच्चों की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट भी मिला

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। गोविंद साहू और उनकी पत्नी फांसी के फंदे पर मिले, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद का जिक्र है। फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
माता-पिता और दो बच्चों की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट भी मिला

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर पति-पत्नी की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली, जबकि उनके दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपती ने पहले बच्चों की हत्या की और बाद में खुद आत्महत्या कर ली। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है।

कमरे में मिला पूरा परिवार मृत

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है। सुबह जब परिवार के सदस्य कमरे तक पहुंचे तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोला गया, जहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में गोविंद और चंचल फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे।

बच्चों के गले पर मिले निशान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में बच्चों के गले पर निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों की मौत कैसे हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

ये भी पढ़ें: बिलासपुर: भाजपा नेत्री से दुष्कर्म और करोड़ों की ठगी, माइनिंग में इन्वेस्ट कर मुनाफे का दिया था लालच; पुलिस जांच में जुटी

तिरुपति बालाजी दर्शन से लौटे थे परिवार

बताया जा रहा है कि यह परिवार हाल ही में तिरुपति बालाजी के दर्शन कर लौटा था। पड़ोसियों और परिचितों के मुताबिक, परिवार पिछले कुछ समय से तनाव में चल रहा था। गोविंद साहू एक निजी फर्म में काम करता था। शुरुआती पूछताछ में आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह की बात सामने आई है।

सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी का जिक्र

पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें परिवार की आर्थिक परेशानी और घरेलू विवादों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, पुलिस अभी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच जारी है।

कॉल डिटेल और आसपास के लोगों से पूछताछ

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। परिजनों, पड़ोसियों और करीबियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि परिवार किस तरह के तनाव से गुजर रहा था और घटना की असली वजह क्या थी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts