छत्तीसगढ़ में डॉक्टर बहू से मारपीट : पुलिस ने मांगे सबूत, वीडियो दिखाने के बाद भी दर्ज की काउंटर FIR

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक डॉक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। ससुराल वालों ने बहु के बाल खींचे और पटक-पटककर उसे पीटा। वहीं पीड़ित जब इसकी शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची तो पुलिस ने उससे पहले एविडेंस लाने की बात कही। सबूत के तौर पर वीडियो दिखाने के बाद पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज की। मामला नेवई थाना अंतर्गत रिसाली क्षेत्र का है।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
जानकारी के मुताबिक, आजाद मार्केट रिसाली में रहने वाली कमरुन निशा खान ने अपने ससुराल वालों पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। निशा ने बताया कि वह BMS डॉक्टर है और श्रीशंकराचार्य अस्पताल में काम करती है। उसने अपने ससुराल वालों के खिलाफ कई बार नेवई थाने में शिकायत की, लेकिन उसकी शिकायत नहीं सुनी गई।
जेठ, देवर, सास और देवरानी ने बेरहमी से पीटा
निशा ने बताया कि, 31 अगस्त 2024 को उसके जेठ, देवर, सास और देवरानी ने मिलकर बुरी तरह पीटा। उसी दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जिसे उसने सबूत के रूप में पुलिस के सामने पेश किया है। वीडियो में दिख रहा है कि 2-3 पुरुष और 2-3 महिलाएं उसे बुरी तरह पीट रहे हैं। इस दौरान वे निशा के बाल पकड़कर उसे दीवार की तरफ फेंकते हैं। इसके बाद उसे जमीन पर पटक देते हैं। उसे इतनी बेरहमी से पीट रहे हैं कि निशा बचाव-बचाव चिल्ला रही है, लेकिन कोई सामने नहीं आया।पुलिस ने निशा को भी बनाया आरोपी
निशा का कहना है कि मारपीट के बाद वह नेवई थाने पहुंची। पुलिस ने जाहिदा खान, मोहर्रम और सगीर खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन उनकी शिकायत पर निशा को भी आरोपी बना दिया गया है। निशा के मुताबिक, उसने पहले भी कई बार थाने में प्रताड़ना की शिकायत की है, लेकिन जांच अधिकारियों ने ना तो उसकी शिकायत दर्ज की और ना ही कोई कार्रवाई की। निशा का कहना है कि, अगर एक महिला को 5-6 लोग मार रहे हैं तो भला वो उन्हें कैसे मार पाएगी।




















