
मध्यप्रदेश में सियासी अटकलों के बीच कैबिनेट में उलटफेर और विस्तार की चर्चा तेज हो गई है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी आगामी दिनों में कई बड़े फैसले करने की तैयारी में है। इसी के मद्देनजर गुरुवार को दिल्ली में एमपी BJP कोर ग्रुप की बड़ी बैठक आयोजित की गई है।
मिशन 2023 पर फोकस
बैठक में मिशन-2023 को लेकर मंथन और सरकार और संगठन को लेकर भी फैसले होंगे। इसके साथ ही शिवराज कैबिनेट में फेरबदल पर भी फैसला हो सकता है। सरकार और संगठन सहित प्रदेश पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस पर भी मंथन किया जाएगा।
बैठक में शामिल होंगे बड़े पदाधिकारी
प्रदेश संगठन की होने वाली इस बैठक में बड़े पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इसके साथ ही नॉन परफॉर्मिंग मंत्रियों की छुट्टी भी की जा सकती है। बता दें कि बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय शामिल होंगे।
शिवराज कैबिनेट में हो सकता है फेरबदल!
जानकारी के मुताबिक, शिवराज कैबिनेट में फेरबदल और विस्तार पर फैसला हो सकता है। चर्चाओं की माने तो जोबट से विधायक सुलोचना रावत को मंत्री बनाया जा सकता है। बता दें कि सुलोचना रावत कुछ समय पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुईं और फिर BJP के टिकट पर जोबट उपचुनाव भी जीता। सुलोचना आदिवासी नेता हैं, इसलिए उन्हें कैबिनेट में जगह देकर आदिवासियों को साधने की कोशिश होगी।
गौरीशंकर बिसेन फिर बन सकते हैं मंत्री
गौरीशंकर बिसेन को एक बार फिर से मंत्री बनाए जाने पर भी चर्चा तेज हैं। बता दें कि बिसेन वर्तमान में OBC कल्याण आयोग के अध्यक्ष हैं।
कामकाज का ब्यौरा देंगे CM
बैठक में सरकार के कामकाज का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ब्यौरा भी देंगे। इस दौरान केंद्र और राज्य की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से पदााधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें- गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पहुंचे दिल्ली, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से की मुलाकात