Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छतरपुर:शादी के दो महीने बाद युवक की हत्या, पत्नी ने पार्टी के बहाने बुलाया; पुलिस जांच में जुटी

मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में शादी के महज दो महीने बाद एक नवविवाहित युवक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक का शव नाले में पत्थरों के नीचे मिला, जिसके बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दो संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
शादी के दो महीने बाद युवक की हत्या, पत्नी ने पार्टी के बहाने बुलाया; पुलिस जांच में जुटी
AI GENERATED IMAGE

छतरपुर। सटई थाना क्षेत्र के सिगरामपुरा निवासी प्रेमलाल रैकवार की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि पत्नी ने गांव बुलाकर साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिलाया। शव नाले में पत्थरों के नीचे मिला और गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो संदिग्ध हिरासत में हैं।

पार्टी का बहाना बनाकर गांव बुलाने का आरोप

छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र के सिगरामपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय प्रेमलाल रैकवार की शादी करीब दो महीने पहले पलकौंहा गांव की रोशनी से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि रोशनी ने पार्टी का बहाना बनाकर प्रेमलाल को अपने गांव बुलाया था। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। जब काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला तो पिता मनीराम रैकवार ने सटई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

ये भी पढ़ें: भोपाल: नीरू ढांडा ने शॉटगन वर्ल्ड कप में जीता स्वर्ण पदक, इटली में लहराया देश का परचम

पहले बाइक मिली, फिर नाले में मिला शव

तलाश के दौरान सबसे पहले प्रेमलाल की बाइक लावारिस हालत में मिली, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। बाद में अमरोनिया गांव से करीब दो किलोमीटर दूर बरगा हार नाले के पास उसका शव बरामद हुआ। शव को छिपाने की नीयत से नाले में फेंककर उसके ऊपर भारी पत्थर रखे गए थे। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Breaking News

गला दबाकर हत्या की जताई जा रही आशंका 

प्रथम दृष्टया जांच में युवक की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पोस्टमार्टम के दौरान उसके गले में चोट के निशान और किसी धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान भी मिले हैं। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस भी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि जांच को आगे बढ़ाया जा सके।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा: मेहंदी से लिखा सुसाइड नोट, जहर खाकर विवाहिता ने दी जान

पत्नी और प्रेमी पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रेमलाल की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी अखिलेश पटेल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हालांकि अभी तक पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी।

दो संदिग्धों से पूछताछ में जुटी पुलिस 

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सटई बस स्टैंड पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही नायब और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts