Indore News : फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 4.85 करोड़ की ठगी, क्राइम ब्रांच ने मास्टरमाइंड को गुजरात से किया गिरफ्तार

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने एक शातिर ठग गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। मुख्य आरोपी हिरेन पटेल को गुजरात के अंकलेश्वर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गैंग ने फरियादी को चार गुना प्रॉफिट का झांसा देकर 4 करोड़ 85 लाख रुपए की धोखाधड़ी की थी।
आरोपियों की ठगी का तरीका
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि तीन महीने पहले फरियादी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। फरियादी को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर फॉरेक्स शेयर मार्केट में निवेश करने का लालच दिया गया। शुरुआत में गिरोह ने कुछ छोटे मुनाफे दिखाकर उनका भरोसा जीत लिया। इसके बाद फरियादी को 4.85 करोड़ रुपए गिरोह के अकाउंट में जमा कराने के लिए कहा गया। इसके बाद उन्हें एक सॉफ्टवेयर फाइल भेजी गई, जिसे डाउनलोड करने पर उसमें 18 करोड़ रुपए का प्रॉफिट दिखाया गया। जब फरियादी ने इस पैसे को निकालने की कोशिश की, तो पता चला कि यह सब फर्जी था। देखें वीडियो...जाल में फंसाने का तरीका
- आरोपियों ने फरियादी को एक सॉफ्टवेयर फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा।
- सॉफ्टवेयर में बैलेंस और प्रॉफिट दिखाने के नाम पर झूठे आंकड़े दिखाए गए।
- इसी फर्जीवाड़े के जरिए आरोपियों ने फरियादी को अपने जाल में फंसा लिया।





















