गुना:मानव तस्करी विरोधी दिवस पर जनजागरूकता शिविर, ग्रामीणों को किया गया जागरूक

गुना। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। विशेष अभियान के तहत अब तक 66 पीड़ितों को मानव तस्करी से मुक्त कर पुनर्वासित किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
गुना पुलिस और जिला प्रशासन ने आयोजित किया जागरूकता शिविर
विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर चाचौड़ा स्थित कम्युनिटी हॉल में गुना पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक जन जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल मौजूद रहे। इसके अलावा जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे, एसडीएम अमित सोनी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों और पुलिस के अधिकारी शामिल हुए।
घंसौर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में युवक की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम
मानव तस्करी और नशे के खिलाफ जागरूक रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि मानव तस्करी और नशा समाज के लिए बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि जब समाज मांग बंद कर देगा तो नशे की आपूर्ति भी खुद थम जाएगी। उन्होंने गांव स्तर पर सरपंच, सचिव और आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
66 पीड़ितों को कराया मुक्त
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि विशेष अभियान के तहत प्रथम चरण में 14 और द्वितीय चरण में 52, कुल 66 पीड़ितों को मानव तस्करी से मुक्त कराकर अपना घर आश्रम में पुनर्वासित किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इंदौर: नगर निगम में वेतन घोटाले का खुलासा, दो कर्मचारियों पर FIR; 2.94 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप
सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव का दिया संदेश
सड़क सुरक्षा पर बोलते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि बीते तीन वर्षों में जिले में हुई 600 मौतों में से 419 जानें बिना हेलमेट के सिर में चोट लगने से गईं, इसलिए हेलमेट जरूर पहनें। साथ ही साइबर ठगी से बचने के लिए ओटीपी शेयर न करने और हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के आखिर में सभी उपस्थित अधिकारियों, नागरिकों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली।
Edited By: Rohit Sharma












