ग्वालियरताजा खबर

होली पर ग्वालियर प्राणी उद्यान से आई खुशखबरी, बाघिन दुर्गा ने दो शावकों को दिया जन्म

ग्वालियर। होली के त्योहार पर गांधी प्राणी उद्यान यानी चिड़ियाघर से खुशी की खबर आई। यहां दुर्गा नामक मादा टाइगर ने दो स्वस्थ्य बच्चों को जन्म दिया है। यह दोनों लव नामक नर बाघ की संतानें हैं। पीली और काली धारी वाले इन बच्चों एवं उनकी मां को चिड़ियाघर प्रबंधन ने विशेष निगरानी में रखा है। चिड़ियाघर प्रबंधन का कहना है कि दुर्गा पहली बार मां बनी है, इसलिए वह बच्चों को लेकर आक्रामक है। जरा सी भी असावधानी से वह अपने बच्चों पर हमला भी कर सकती है, इसलिए उसे दूर से ही खाना दिया जा रहा है।

40 दिन क्वारेंटाइन रहेंगे शावक

जन्म देने के के बाद अपने बच्चों के साथ रह रही दुर्गा के खाने का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उसे खाने में मुर्गा, अंडा एवं हल्का खाना जैसे चिकन सूप और दूध आदि दिया जा रहा है। चिड़ियाघर में यह बच्चे लगभग 40 दिन तक विशेष निगरानी में क्वारेंटाइन रहेंगे। इसके बाद सैलानी इन्हें देख सकेंगे। नगर निगम कमिश्नर किशोर कन्याल ने चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. उपेंद्र यादव एवं जू क्यूरेटर गौरव परिहार को मां और उसके शिशु शावकों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। मां दुर्गा टाइगर का जन्म भी इसी गांधी प्राणी उद्यान में साल 2018 में हुआ था। चिड़ियाघर प्रबंधन का कहना है कि दोनों शावक टाइगर स्वस्थ हैं और अपनी मां के इर्द-गिर्द ही घूम रहे हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button