मुंबई। 14 जून 2020 को बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। शुरुआती जांच के आधार पर मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया। हालांकि दवाब बढ़ने के बाद मुंबई पुलिस की जांच बिहार पुलिस से होते हुए सीबीआई तक पहुंची। इस मामले में नया अपडेट यह आया है कि सीबीआई ने एक्टर के ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स से डिलीट किए जा चुके डेटा को वापस पाने के लिए आधिकारिक रूप से अमेरिका से मदद मांगी है।
अमेरिका से मांगी मदद
भारत और अमेरिका के बीच एमएलएटी (मिचुएल लीगल असिसटेंस ट्रीटी) है, जिसके तहत दोनों पक्ष घरेलू मामलों की जांच में जानकारी मांग सकते हैं। सीबीआई यह जांच करना चाहती है कि क्या ऐसा कभी कुछ हुआ था जिसका नाता सुशांत की मौत से हो। सुशांत केस में मुंबई पुलिस से शुरू हुई जांच अभी तक सीबीआई के हाथ में है लेकिन सुशांत सिंह की मौत के पीछे क्या वजह थी इसका खुलासा नहीं हो सका है।
न्याय की गुहार लगा रहे फैंस
सीबीआई इस केस की लगातार जांच कर रही है। वहीं सोशल मीडिया पर आज भी फैंस सुशांत के लिए न्याय की गुहार लगाते हैं। सुशांत केस में कई बार फैंस साजिश का अंदेशा जता चुके हैं। वहीं दिशा सालियान की आत्महत्या को भी सुशांत मामले से जोड़ा जा चुका है।
रिया को ठहराया जिम्मेदार
मुंबई पुलिस ने बताया था कि सुशांत सिंह राजपूत डिप्रेशन से पीड़ित थे। सुशांत के घर से डिप्रेशन की दवाईयां मिली थी, जिसके आधार पर मुंबई पुलिस ने थ्योरी बनाई कि सुशांत ने डिप्रेशन की वजह से आत्महत्या की। सुशांत की मौत के बाद उनके पिता ने रिया चक्रवर्ती पर केस दर्ज कराया था और अपने बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था।