Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पांच मुद्दों पर बात के साथ कर सकते हैं सिंधिया पर कटाक्ष

राहुल गांधी के संबोधन को लेकर मंथन कर रहे कांग्रेसी
Follow on Google News
पांच मुद्दों पर बात के साथ कर सकते हैं सिंधिया पर कटाक्ष

भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो मार्च से छह मार्च तक मप्र में रहेगी। यात्रा ग्वालियर चंबल संभाग में ज्यादा रहेगी। यह वही इलाका है जहां 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सबसे ज्यादा फायदा हुआ था। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भी ग्वालियर चंबल में मप्र के किसी अन्य हिस्से की तुलना में कांग्रेस को सबसे ज्यादा सीटें मिलीं, हालांकि पांच साल पहले हुए चुनाव में हुए सीटों के मुनाफे से कुछ कम है। न्याय यात्रा के जरिए इस इलाके में कांग्रेस अपना जनाधार वापस लेने की कोशिश करेगी। वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस अंचल में कांग्रेस के लिए अभी भी बहुत पोटेंशियल है। वहीं इस क्षेत्र में ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस की सबसे बड़ी चुनौती बने हुए हैं। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि पांच न्याय की बातों के अलावा राहुल गांधी अपने संबोधनों के दौरान सिंधिया पर भी प्रहार में कर सकते हैं। उनका मानना है कि ‘महल’ के खिलाफ राहुल गांधी कुछ बोलेंगे तो कांग्रेस को लाभ होगा। हालांकि इस पर कुछ अन्य नेता इत्तेफाक नहीं रखते।

इन ‘पांच न्याय’ पर फोकस

भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस बार पांच विषयों को ध्यान में रखकर तय की जा रही है। राहुल गांधी युवा, भागीदारी, श्रमिक, किसान और नारी न्याय के तहत इनसे जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। युवा न्याय में वे बेरोजगारों की स्थिति बताते हैं तो श्रमिक न्याय के तहत वे बताते हैं कि 5% गरीब सिर्फ 46 रुपए रोज की आय पर गुजर-बसर करते हैं। उल्लेखनीय है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो मार्च को मुरैना के पिपरई से प्रदेश में प्रवेश करेगी। इसके बाद ग्वालियर शहर में रोड शो होगा। तीन मार्च को शिवपुरी और कोलारस क्षेत्र में पहुंचेगी। चार मार्च को रुठियाई और राघोगढ़ होते हुए आगे बढ़ेगी।

एक्सपर्ट्स कमेंट्स

राहुल गांधी को ग्वालियर चंबल में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने की बात अपने नेताओं को बतानी चाहिए। ग्वालियर में लोकसभा का मजबूत प्रत्याशी हो, उस क्षेत्र में नई लीडरशिप डेवलप हो, पार्टी छोड़ने के मन बनाने वालों को कैसे रोका जाए, इन विषयों पर बात करना ज्यादा फायदेमंद होगा। सिंधिया पर बोलने से शायद ही कोई फायदा हो, क्योंकि विधानसभा चुनाव में भी हम यह देख चुके हैं। दिनेश गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार

वैसे तो भारत जोड़ो न्याय यात्रा पांच न्याय पर ही फोकस है लेकिन अगर ग्वालियर-चंबल में ज्योतिरादित्य सिंधिया की बात नहीं हो यह मुमकिन नहीं लगता। विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी ने दतिया में सिंधिया पर कटाक्ष किया था, जिससे कांग्रेसी खुश हुए थे। दतिया सीट तो कांग्रेस ने जीती लेकिन उसके अलग कारण भी थे। सिंधिया पर कटाक्ष पर पब्लिक कैसे रिएक्ट करती है यह विचारणीय होगा। देव श्रीमाली, वरिष्ठ पत्रकार

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts