भोपालमध्य प्रदेश

जगदीशपुर में खड़ी फसल पर चला बुलडोजर, किसान की पत्नी ने खाया जहर : कांग्रेस ने पूछा- स्टे के बावजूद ऐसी कार्रवाई क्या जंगल राज नहीं!

भोपाल। राजधानी से सटे जगदीशपुर में एक किसान के खेत में खड़ी गेहूं की फसल पर बुलडोजर चलाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद किसान की पत्नी ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, इस घटनाक्राम को लेकर सियासत गरमा गई है। मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा है।

मिश्रा ने खेत में खड़ी फसल पर नियम विरुद्व बुलडोजर चलाने और मौके पर ही पीड़ित किसान की पत्नी द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने के प्रयास पर सरकार के खिलाफ बड़ा हमला किया है। उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें तीन बुलडोजर खेत पर खड़ी फसल उजाड़ रहे हैं। वीडियो बनाने वाला शख्स बता रहा है कि सरपंच यह करवा रहा है, जबकि खड़ी फसल पर इस तरह की कार्रवाई का अधिकार उसे नहीं है। जिस किसान का खेत उजाड़ा गया, उसके पास कोर्ट का स्टे ऑर्डर भी है।

किसके प्रभाव में चलाया गया बुलडोजर

इस घटना पर केके  मिश्रा ने कहा- सरकार के मुखिया शिवराजसिंह चौहान से किसान पुत्र होने के साथ-साथ खुद को किसान हितैषी बताते हैं। यदि ऐसा है तो राजस्व न्यायालय (अनुविभागीय अधिकारी) अनुभाग हुजूर, भोपाल द्वारा क्रमांक 451, दिनांक 23.12.2022 को दिए गए स्टे ऑर्डर के बावजूद भी यह बुलडोजर किस भाजपाई प्रभावी नेता के दबाव में चलाया गया? मिश्रा ने पूछा- जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली पीड़ित किसान की पत्नी के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसका जबावदार कौन होगा?

स्टे ऑर्डर की प्रति दिखाई

केके मिश्रा ने इस घटना का वीडियो और स्टे ऑर्डर की प्रति भी शेयर की है। उन्होंने कहा- प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। कानून और संविधान के विपरीत राजनैतिक अपराधियों के संरक्षण में प्रशासनिक अत्याचार जारी है। भाजपा के नफरती दिल से निकला यह बुलडोजर अन्नदाता के खेत तक भी पहुंच गया है। अब आगे और किस-किस पर चलेगा, इसके जद में कौन-कौन और आएगा, यह सरकार बताए? आखिर कब तक यह सरकार गरीबों की हाय लेती रहेगी? क्या यही दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय है?

यह भी पढ़ें भोपाल में होगा सातवां अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन ; राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी शुभारंभ, 15 देशों से 350 विद्वान, चिंतक, शोधार्थी होंगे शामिल

संबंधित खबरें...