अंतर्राष्ट्रीयताजा खबरराष्ट्रीय

जापान में सबसे उम्रदराज महिला का 116 साल की उम्र में निधन

तोक्यो। जापान में दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला टोमिको इटूका का 116 साल की उम्र में निधन हो गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के अनुसार, जापान की निवासी इटूका दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला थीं। वृद्धावस्था नीतियों के प्रभारी अधिकारी योशित्सुगु नगाटा ने बताया कि इटूका का निधन 29 दिसंबर को मध्य जापान के ह्योगो प्रांत के आशिया स्थित एक देखभाल गृह में हुआ। इटूका का जन्म 23 मई 1908 को हुआ था। पिछले साल 117 वर्षीय मारिया ब्रान्यास की मृत्यु के बाद वह सबसे बुजुर्ग व्यक्ति बन गई थीं। नगाटा ने बताया कि ओसाका में जन्मी इटूका हाई स्कूल में वॉलीबॉल खिलाड़ी थीं। उन्होंने 3,067 मीटर (10,062 फुट) ऊंचे माउंट ओनटेक पर दो बार चढ़ाई की। 20 साल की उम्र में उनकी शादी हुई और उनकी दो बेटियां और दो बेटे थे। उन्होंने बताया कि 1979 में पति की मृत्यु के बाद इटूका नारा में अकेली रहती थीं। नगाटा ने कहा कि फिलहाल उनके परिवार में एक बेटा, एक बेटी और पांच पोते-पोतियां हैं।

आज की अन्य खबरें…

उत्तरी चीन में बाजार में आग लगने से 8 लोगों की मौत, 15 की हालत गंभीर

बीजिंग। चीन के उत्तरी क्षेत्र में शनिवार को एक बाजार में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने कियाओक्सी जिले के एक अधिकारी के हवाले से अपनी खबर में बताया कि झांगजियाकौ शहर के लिगुआंग बाजार में शनिवार दोपहर आग लग गई और स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। खबर के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस बाजार में लोग मुख्यत: खाद्य पदार्थों की खरीदारी करने आते हैं। बीजिंग की सीमा से लगे हेबेई प्रांत में स्थित झांगजियाकौ ने 2022 शीतकालीन ओलंपिक खेलों के दौरान कार्यक्रमों की मेजबानी की थी।

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में संपत्ति के स्वामित्व विवाद में पांच लोगों की हत्या

पेशावर उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान की प्रांतीय राजधानी पेशावर में शनिवार को एक वाणिज्यिक प्लाजा की संपत्ति के स्वामित्व को लेकर दो समूहों के बीच गोलीबारी में पांच लोग मारे गए और एक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, यह हिंसक घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर जिले के तहकल इलाके में हुई। भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद संदिग्ध मौके से भाग गए। हमने अपराधियों को पकड़ने के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

पूर्णिया में दो लाख रुपए का इनामी डकैत पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले में सर्वाधिक वांछित अपराधियों की सूची में शामिल दो लाख रुपए का इनामी डकैत सुशील मोची पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। बायसी अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आदित्य कुमार ने शनिवार को बताया कि जिला पुलिस एवं विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने यह कार्रवाई बायसी थाना क्षेत्र के ताराबाड़ी में शुक्रवार देर रात की। उन्होंने बताया कि दो लाख रुपए के इनामी बदमाश मोची के खिलाफ बिहार और पश्चिम बंगाल में डकैती के दर्जन भर से अधिक मामले दर्ज थे। एसडीपीओ ने बताया कि मोची का पैतृक घर बिहार के अनगढ़ थाना क्षेत्र में है और वह हाल में यहां से पश्चिम बंगाल चला गया था, वहीं से अपना गिरोह संचालित कर रहा था।

तमिलनाडु में पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट, 6 कर्मचारियों की मौत

Chile fire bregade team

विरुधुनगर। तमिलनाडु में विरुधुनगर के निकट पटाखा निर्माण इकाई में शनिवार को विस्फोट होने से छह कर्मचारियों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। संदेह है कि रसायनों को मिलाने की प्रक्रिया के दौरान यह विस्फोट हुआ, जिससे कम से कम एक कमरा क्षतिग्रस्त हो गया तथा छह कर्मचारियों की मौत हो गई।

संबंधित खबरें...

Back to top button