कोरोना वाइरसताजा खबरमनोरंजनराष्ट्रीय

राजस्थान : उदयपुर में परिवार के 4 सदस्यों के शव कमरे में लटके मिले, जांच में जुटी पुलिस

राजस्थान के उदयपुर जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक व्यक्ति और उसके तीन बच्चों के शव कमरे में लटके पाए गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। उदयपुर के पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि मामेर चौकी के पास नाकोला गांव में सामूहिक आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसमें किराने की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति और उसके तीन बच्चों ने आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया में पत्नी की मौत के बाद मानसिक तनाव और पारिवारिक आर्थिक स्थिति के चलते इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि पिता ने तीनों बच्चों की हत्या कर स्वयं फांसी के फंदे पर झूला, इसका खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद होगा।

कोटडा के कार्यवाहक सर्किल अधिकारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि नाकोला गांव में मंगलवार सुबह रायसा (45), उसका बेटा वाजपेई (15), बेटी तिपुरी (12) और किंजल (5) के शव घर के कमरे में लटके पाये गये। उन्होंने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवाया गया है। एफएसएल टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आज की अन्य खबरें पढ़ें

कन्नड़ एक्टर चेतन कुमार गिरफ्तार, हिंदू धर्म को लेकर किया था ये विवादित ट्वीट

कन्नड़ फिल्म एक्टर चेतन कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हिंदू धर्म के खिलाफ विवादित ट्वीट करने की वजह बेंगलुरु पुलिस ने चेतन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने अपने ट्वीट में हिंदू धर्म के अस्तित्व को झूठ बताया था। जिसके बाद बजरंग दल के नेता ने उनके खिलाफ शेषाद्रिपुरम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

चेतन कुमार का विवादित ट्वीट

चेतन कुमार ने 20 मार्च को अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर हिंदू धर्म को लेकर विवादित ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- हिंदुत्व झूठ पर बना है… सावरकर- भारतीय ‘राष्ट्र’ तब शुरू हुआ, जब राम ने रावण को हराया और अयोध्या लौटे- एक झूठ है। 1992 : बाबरी मस्जिद ‘राम की जन्मभूमि’ है- एक झूठ है। 2023 : उरीगौड़ा- नानजेगौड़ा टीपू के ‘हत्यारे’ हैं- एक झूठ है। हिंदुत्व को सत्य से हराया जा सकता है- सत्य समानता है।

देश में 24 घंटे में कोरोना के 699 नए केस मिले, 2 मरीजों की मौत

देश में कोरोना वायरस का खतरा एक बार फिर बढ़ने लगा है। 24 घंटे में 699 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। राहत की बात यही है कि यह संख्‍या सोमवार को दर्ज किए गए मामलों की संख्‍या (918) से कम है। कोरोना से दो लोगों के मौत की खबर भी सामने आई है। जबकि, 435 लोग ठीक हुए हैं।

देश में कोरोना की ताजा स्थिति

कुल एक्टिव केस – 6 हजार 559

कुल संक्रमित – 4 करोड़ 46 लाख 96 हजार 984

कुल डिस्चार्ज – 4 करोड़ 41 लाख 59 हजार 617

कुल मौतें – 5 लाख 30 हजार 808

दैनिक पॉजिटिविटी दर – 0.71%

साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर – 0.91%

मृत्यु दर – 1.19%

रिकवरी दर – 98.79%

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में कोविड का पता लगाने के लिए 97,866 परीक्षण किए गए हैं। वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक कुल 220.64 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। रिकवर होने वालों की कुल संख्या बढ़कर 4,41,59,617 हो गई है।

हावड़ा में सरकारी बस और कार की टक्कर में 3 लोगों की मौत, 9 घायल

पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक सरकारी बस और एक कार की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, 9 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना बगनान थाना क्षेत्र के ईश्वरीपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर हुई। पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के बोनट समेत आगे का हिस्सा तहस-नहस हो गया। पुलिस ने बताया कि शवों को बाहर निकालने के लिए कार के कुछ हिस्सों को गैस कटर से काटना पड़ा। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। दुर्घटना के वक्त बस कोलकाता की ओर जा रही थी। जबकि कार पुरबा मेदिनीपुर में दीघा की ओर जा रही थी। हादसे में घायल 9 यात्रियों में से 5 को बगनान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि बाकी लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

संबंधित खबरें...

Back to top button