अंतर्राष्ट्रीयताजा खबरराष्ट्रीय

मुंबई : डोंबिवली के पास डाऊन टाऊन बिल्डिंग में लगी भीषण आग, चपेट में आए 6 फ्लोर; शॉर्ट सर्किट बताई जा रही वजह

मुंबई। मुंबई के उपनगर डोंबिवली के पास खोनी पलावा की डाऊन टाऊन बिल्डिंग में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। बिल्डिंग के 6 फ्लोर आग की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने पूरी बिल्डिंग को खाली कराया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जानकारी के अनुसार सातवें फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगी।

आज की अन्य खबरें भी पढ़ें…

हिमाचल प्रदेश में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, दोपहर 1.16 बजे आसपास भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.1 मापी गई। इसका केंद्र जमीन के अंदर 9 किलोमीटर की गहराई पर था। कंपन महसूस होते ही लोग घरों में बाहर निकल आए। हालांकि, भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

सीतापुर में ऑटो की अज्ञात वाहन से टक्कर, एक की मौत

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शनिवार सुबह सड़क हादसा हो गया। यहां घने कोहरे के चलते एक ऑटो और अज्ञात वाहन की टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोतवाली देहात अंतर्गत श्याम नाथ रेलवे क्रॉसिंग के आगे पीतपुर मोड़ के पास हुआ।

पुलिस ने बताया कि, इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नकरहिया निवासी प्रहलाद (55) पुत्र राम लोटन, बिहार लाल (60) मूली लेकर ऑटो ई-रिक्शा से आ रहे थे। तभी घने कोहरे के कारण पीतपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन की ऑटो से टक्कर हो गई। जिससे प्रहलाद पुत्र राम लोटन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई एवं बिहार लाला और ऑटो चालक राघवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तेलंगाना में बस में लगी आग, जिंदा जली एक महिला

हैदराबाद। तेलंगाना के जोगुलम्बा गडवाल जिले में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए बस से कूदने लगे। हादसे में एक महिला जिंदा जल गई और चार अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा हैदराबाद-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर एर्रावल्ली चौराहे के पास देर रात करीब 2.30 बजे हआ। फिलहाल आग कैसे लगी अभी तक वजहों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक निजी ट्रैवल कंपनी की वोल्वो बस हैदराबाद से चित्तूर जा रही थी। बस में 40-50 यात्री सवार थे। आग लगते ही लगभग सभी यात्री खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर कूद गए। वहीं एक महिला आग की लपटों में फंस गई और जलने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तरी इराक में सैन्य अड्डे पर हमला, तुर्किये के पांच सैनिकों की मौत

इस्तांबुल। उत्तरी इराक के अर्द्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र में एक सैन्य अड्डे पर हुए हमले में शुक्रवार को तुर्किये के पांच सैनिक मारे गए। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने इस हमले के लिए कुर्द लड़ाकों को जिम्मेदार ठहराया है। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर कहा कि, हमलावरों ने सैन्य अड्डे में घुसपैठ करने का प्रयास किया। इस दौरान आठ सैनिक घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि, 12 लड़ाकों को मार गिराया गया है और क्षेत्र में अभियान जारी है। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विदेश मंत्री हाकन फिदान ने मारे गए सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी से जुड़े लड़ाकों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम अपनी सीमाओं के भीतर और बाहर पीकेके आतंकवादी संगठन के खिलाफ अंत तक लड़ेंगे।” ये झड़पें तीन हफ्ते पहले उत्तरी इराक में हुए ऐसे ही हमले के बाद हुई हैं जिसमें 12 तुर्किये सैनिकों की मौत हो गई थी। तुर्किये के अधिकारियों के अनुसार पीकेके से जुड़े आतंकवादियों ने 22 दिसंबर को उत्तरी इराक में एक तुर्किये सैन्य अड्डे में सेंध लगाने की कोशिश की। इसके बाद हुई गोलीबारी में छह सैनिकों की मौत हो गई। अगले दिन कुर्द लड़ाकों के साथ संघर्ष में छह और तुर्किये सैनिक मारे गए। तुर्किये ने इसके जवाब में उन स्थानों पर हमले किया जिनके बारे में अधिकारियों ने कहा था कि वे इराक और सीरिया में पीकेके से जुड़े थे।

संबंधित खबरें...

Back to top button