बॉलीवुड अपडेट:बॉक्स ऑफिस पर बड़ा क्लैश: ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और ‘उस्ताद भगत सिंह’ आमने-सामने

हाल ही में ‘उस्ताद भगत सिंह’ की रिलीज डेट 22 मार्च से बदलकर 19 मार्च कर दी गई है। इसके बाद अब दोनों फिल्में एक ही दिन सिनेमा में रिलीज होने जा रही हैं। इंडस्ट्री में इसे इस साल के सबसे चर्चित बॉक्स ऑफिस क्लैश में से एक माना जा रहा है।
‘टॉक्सिक’ टलने से बदला रिलीज कैलेंडर
दरअसल, पहले 19 मार्च को यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ रिलीज होने वाली थी। लेकिन इसकी रिलीज डेट आगे बढ़कर 4 जून कर दी गई। इसी बदलाव के बाद रिलीज कैलेंडर में कई फेरबदल हुए। इसी मौके का फायदा उठाते हुए पवन कल्याण की टीम ने ‘उस्ताद भगत सिंह’ को तीन दिन पहले रिलीज करने का फैसला किया। अब 19 मार्च को दो बड़े प्रोजेक्ट सीधे टकराने वाले हैं, जिससे बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद बढ़ गई है।
‘धुरंधर’ टीम को क्लैश की चिंता नहीं
सूत्रों के मुताबिक ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की टीम इस क्लैश को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं है। फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि जब ‘टॉक्सिक’ जैसी बड़ी फिल्म भी इसी तारीख पर आने वाली थी, तब भी टीम को ज्यादा परेशानी नहीं थी। ऐसे में अब ‘उस्ताद भगत सिंह’ के आने से उनकी रणनीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है और इसमें रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी अहम किरदार में नजर आएंगे।
ये भी पढ़ें: Michael Trailer: माइकल जैक्सन की बायोपिक ‘माइकल’ का ट्रेलर रिलीज, बचपन से सुपरस्टार बनने तक की कहानी
पवन कल्याण को त्योहारों का सहारा
दूसरी ओर पवन कल्याण इस रिलीज को बड़े मौके के रूप में देख रहे हैं। उनकी करीबी सूत्रों का कहना है कि 19 मार्च के आसपास ईद और रामनवमी जैसे त्योहारों से सिनेमाघरों में दर्शकों की अच्छी भीड़ रहने की संभावना है। इसी वजह से फिल्म के प्रमोशन को बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी की जा रही है। ट्रेड एक्सपोर्ट्स का कहना है कि छुट्टियों वाले वीकेंड में दो बड़ी फिल्मों के लिए भी काफी जगह हो सकती है।
7 मार्च को आएगा ‘धुरंधर’ का ट्रेलर
इसी बीच रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के ट्रेलर लॉन्च की घोषणा कर दी है। उन्होंने फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए बताया कि ट्रेलर 7 मार्च को सुबह 11:01 बजे रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला पार्ट 2025 में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल कर चुका था, जिसके बाद इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। दोनों फिल्मों की शूटिंग लगभग साथ-साथ की गई थी ताकि कहानी की निरंतरता बनी रहे। अब 19 मार्च को रिलीज होने वाली इन दो बड़ी फिल्मों का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर किसके पक्ष में जाता है यह देखना दिलचस्प होगा।












