आयुष्मान खुराना की नई सस्पेंस थ्रिलर शुरू,यशराज फिल्म्स के साथ तीसरी बार जोड़ी- समीर सक्सेना करेंगे डायरेक्शन

आयुष्मान खुराना ने एक बार फिर अपनी अलग तरह की फिल्मों की पहचान को बरकरार रखते हुए नई थ्रिलर फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। खास बात यह है कि इस पूरे प्रोजेक्ट को काफी गोपनीय रखा गया है। खबरों के मुताबिक अप्रैल के पहले हफ्ते में केरल में फिल्म की शूटिंग चुपचाप शुरू हुई और मेकर्स इसे मई के आखिर तक पूरा करने की योजना बना रहे हैं। इस फिल्म का निर्माण यशराज फिल्म्स और पोशम पा पिक्चर्स के सहयोग से किया जा रहा है।
आयुष्मान का होगा डार्क और इंटेंस रोल
फिल्म की कहानी को लेकर मेकर्स ने पूरी तरह सस्पेंस बना रखा है। किसी भी तरह की जानकारी बाहर न आए, इसका खास ध्यान रखा जा रहा है। हालांकि सूत्रों की मानें तो यह एक हाई-इंटेंस थ्रिलर फिल्म होगी, जिसमें सस्पेंस के साथ इमोशनल ड्रामा भी देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि आयुष्मान खुराना इस फिल्म में एक ऐसे इंसान का किरदार निभा रहे हैं, जो एक खतरनाक और रहस्यमयी स्थिति में फंस जाता है। उस मुश्किल से बाहर निकलना ही उसके किरदार की सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है।
'काला पानी' के निदेशक समीर सक्सेना का नया प्रयोग
इस फिल्म का निर्देशन समीर सक्सेना कर रहे हैं, जो इससे पहले काला पानी जैसी चर्चित सीरीज बना चुके हैं। समीर अपनी रियलिस्टिक और मजबूत कहानी कहने की शैली के लिए जाने जाते हैं। अब वे बड़े पर्दे पर एक अलग तरह की थ्रिलर लेकर आ रहे हैं, जिसमें सस्पेंस और इमोशन का संतुलन देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें: Bollywood: टाइगर श्रॉफ-शनाया कपूर की जोड़ी जॉम्बी कॉमेडी में, फिरोज नाडियाडवाला का नया दांव
यशराज फिल्म्स के साथ तीसरी बार साथ आए आयुष्मान
यह फिल्म आयुष्मान खुराना और यशराज फिल्म्स के बीच तीसरा सहयोग है। इससे पहले उन्होंने दम लगा के हईशा और मेरी प्यारी बिंदू में साथ काम किया था। 'दम लगा के हईशा' ने आयुष्मान के करियर को नई पहचान दी थी, जबकि 'मेरी प्यारी बिंदू' में उनका अलग अंदाज देखने को मिला था। अब इस तीसरे प्रोजेक्ट में उनका थ्रिलर अवतार दर्शकों के लिए बिल्कुल नया अनुभव हो सकता है।
आने वाले समय में कई फिल्मों में दिखेंगे आयुष्मान
वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना के पास इस समय कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। इनमें पति पत्नी और वो 2, उड़ता तीर और ये प्रेम मोल लिया शामिल हैं। 'पति पत्नी और वो 2' खासतौर पर चर्चा में है, क्योंकि इसमें उनके साथ सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी नजर आएंगी। इन सभी फिल्मों के बीच यह नई थ्रिलर आयुष्मान के करियर में एक अलग मोड़ ला सकती है।












