
नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र में भाजपा ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को ‘1984’ लिखा हुआ बैग गिफ्ट किया, जो खून से सना हुआ प्रतीत हो रहा था। ऐसा माना जा रहा है कि इसके जरिए 1984 के सिख विरोधी दंगों को याद दिलाने की कोशिश की गई। प्रियंका की बैग पॉलिटिक्स पिछले कुछ दिनों चर्चा में रही, जिसमें वे मोदी-अडाणी, बांग्लादेश के हिंदुओं और फिलिस्तीन से जुड़े संदेश वाले बैग लेकर आई थीं।
ओडिशा सांसद ने प्रियंका को सौंपा बैग
भुवनेश्वर से भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी संसद परिसर में प्रियंका गांधी का इंतजार करती नजर आईं। जैसे ही प्रियंका वहां पहुंचीं, अपराजिता ने उनका पीछा करते हुए उन्हें ‘1984’ लिखा बैग सौंपा। प्रियंका ने बैग लिया और बिना किसी प्रतिक्रिया के आगे बढ़ गईं।
प्रियंका की बैग पॉलिटिक्स बनी चर्चा का केंद्र
हाल के दिनों में प्रियंका गांधी की बैग पॉलिटिक्स चर्चा का केंद्र बनी हुई है। वे कभी ‘मोदी-अडाणी भाई-भाई’ लिखा बैग लेकर संसद पहुंचीं तो कभी फिलिस्तीन के समर्थन और बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों से जुड़े संदेश वाले बैग लिए नजर आईं। भाजपा ने इसे मुद्दा बनाकर पलटवार किया।
जयंत चौधरी ने शेयर की कविता
प्रियंका गांधी के बैग को लेकर केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल पार्टी के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने चुटकी ली। उन्होंने सोशल मीडिया पर ब्रिटिश कवि ब्रायन बिलस्टन की कविता ‘बैग में क्या है?’ शेयर की। कविता में कहा गया कि आपके पास बैग ही बैग हैं, जिनके भीतर कुछ नहीं है, सिवाय और बैग के।
ये भी पढ़ें- भोपाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 लाख की अवैध शराब और वाहन जब्त