Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महाराष्ट्र की 40 से अधिक सीटों पर वोटर्स को रिझा रहे मप्र के भाजपा नेता

चुनाव में विकास के मुद्दे भारी, गिना रहे सरकार की उपलब्धियां
Follow on Google News
महाराष्ट्र की 40 से अधिक सीटों पर वोटर्स को रिझा रहे मप्र के भाजपा नेता

भोपाल। भाजपा हाईकमान ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा की चुनावी रणनीति, कैंपेनिंग और मैदानी जमावट के लिए मध्यप्रदेश के मंत्रीवि धायकों को तैनात किया है। महाराष्ट्र की 40 से अधिक सीटों पर मप्र के नेता कमल खिलाने के लिए चुनावी मोर्चे पर डटे हैं। चुनाव में क्षेत्रीय विकास के मुद्दे हावी हैं, भाजपा का फोकस डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों पर है। अकोला-बुलढाना, गोंदिया-भंडारा, नागपुर शहर-ग्रामीण और विदर्भ- अमरावती अंचल में मप्र के नेता पिछले एक-सवा महीने से चुनावी ड्यूटी में डटे हैं।

मंत्रियों में कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, विश्वास सारंग और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित विधायक शैलेंद्र जैन व गोलू शुक्ला सहित कार्यकर्ताओं की फौज इन क्षेत्रों में तैनात है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महाराष्ट्र में स्टार प्रचारक बनाए गए हैं।

क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण साधने के प्रयास

महाराष्ट्र में क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण साधने के लिए पार्टी ने मप्र के सीमावर्ती नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा है। सवा महीने से चुनाव ड्यूटी में तैनात मप्र के भाजपा कार्यकर्ता सोमवार रात को दीपावली मनाने अपने घरों के लिए रवाना हुए। अकोला विधानसभा क्षेत्र में तैनात मंत्री सारंग और नागपुर में विधायक जैन ने 'पीपुल्स समाचार' को बताया कि जनसमर्थन विकास के साथ है। डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का लाभ मिल रहा है।

विजयवर्गीय नागपुर के प्रभारी

नागपुर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की 12 विधानसभा सीटों का प्रभार प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को दिया गया है। उनके साथ विधायक गोलू शुक्ला और अक्षय कांति बम सहित इंदौर के भाजपा नेताओं की बड़ी टीम भी काम कर रही है। मंत्री सारंग ने बताया कि वह अकोला ईस्ट, अकोला वेस्ट, बालापुर, मूर्तिजापुर, आकोट, मलकापुर, सिंदखेड़ रजा, मलकर, खामगांव, जलगांव जामोद, वाशिम और करंजा का दौरा कर चुके हैं।

कांग्रेस नेता भी मैदान में डटे

महाराष्ट्र में प्रदेश के कांग्रेसी नेताओं का दम-खम नई इबारत लिख रहा है। कांग्रेस आलाकमान ने सीधे दिल्ली से प्रदेश के दर्जनभर मौजूदा और पूर्व विधायकों की ड्यूटी महाराष्ट्र की विभिन्न विधानसभा सीटों पर लगा दी है। पूर्व विधायक कुणाल चौधरी को महाराष्ट्र का सहप्रभारी बनाया गया है, जबकि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को विदर्भ की 62 सीटों के लिए सीनियर आब्जर्वर बनाया गया है। इसके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने अमरावती, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे नागपुर, पीसी शर्मा औरंगाबाद और जालना, प्रदेश से विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता को मुंबई में विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है।

सहयोगी दलों से समन्वय : मध्यप्रदेश के नेताओं को सबसे बड़ी जिम्मेदारी अलायंस के सहयोगी दलों के साथ समन्वय बनाकर चुनावी मैदान में सक्रिय करना है।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts