बिहार नाव हादसा: गंगा में समा गईं 13 जिंदगियां! पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को 6 लाख की मदद

बिहार। बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर हुआ नाव हादसा कई परिवारों की खुशियां छीन ले गया। मंगलवार देर शाम राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास एक नाव पलट गई। नाव पर सवार बच्चे श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 बच्चों की मौत की खबर सामने आई है। मृतकों में एक ही परिवार के सात बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने राहत कार्य चलाया। हादसे पर कई बड़े नेताओं ने दुख जताया है।
पुरानी नाव बनी हादसे की वजह?
राघोपुर में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे यह हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव पर 15 से 25 लोग सवार थे। सभी लोग गंगा नदी पार कर भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर पलट गई और उसमें बैठे लोग नदी में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बचाव के लिए पहुंचे। प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने भी राहत कार्य शुरू किया।
बिहार के हाजीपुर में नाव पलटने से बड़ा हादसा, 11 लोगों की मौत
एक ही परिवार के सात बच्चों की मौत
इस हादसे ने रामपुर श्यामचंद गांव के एक परिवार को गहरा दुख दिया है। जानकारी के अनुसार, रामप्रवेश राय उर्फ राजा के परिवार के सात बच्चों की जान चली गई। मृतकों की पहचान मीरा, निशु, अनिशा, सुनीता, आर्यन, मोहन, अमृता, अंकिता, पिंकी, नमन, सिकी, भोनू और सोनम के रूप में बताई गई है। बच्चों की मौत से परिवारों में चीख-पुकार मची है। गांव के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये देने की घोषणा की। घायलों को 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी घटना पर दुख जताया और प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में हिम्मत मिलने की कामना की।
बिहार सरकार देगी चार लाख रुपये
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। इस तरह केंद्र और राज्य सरकार की घोषित मदद मिलाकर प्रत्येक मृतक के परिवार को छह लाख रुपये मिल सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने दिया इस्तीफा, राज्यसभा सदस्यता भी छोड़ने का ऐलान
जर्जर नाव को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाव पुरानी और खराब हालत में थी। उसे बदलने के लिए पहले भी आवेदन दिए गए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी घटना पर दुख जताया और राघोपुर जाने की बात कही। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रभावित परिवारों को राहत और उचित मुआवजा देने की मांग की।




















