Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बिहार के जहानाबाद में हादसा : सावन की सोमवारी पर सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में भगदड़, 7 लोगों की मौत

Follow on Google News
बिहार के जहानाबाद में हादसा : सावन की सोमवारी पर सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में भगदड़, 7 लोगों की मौत
जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद में सावन के चौथे सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां श्रावणी मेले के दौरान सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में भगदड़ मच गई। इसमें 7 कांवड़ियों की दबने से मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। सभी लोग सोमवारी पर जल चढ़ाने के लिए पहुंचे थे। मृतकों में पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

7 मृतकों में 5 महिलाएं

हादसे में मारे गए 7 लोगों में 5 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान गया जिले के मोर टेकरी की रहने वाली पूनम देवी, मखदुमपुर थाना क्षेत्र के लडौआ गांव की निशा कुमारी, जल बीघा के नाडोल की सुशीला देवी, नगर थाना क्षेत्र के एरकी गांव की निशा देवी के रूप में हुई है। वहीं दो पुरुषों की पहचान राजू कुमार और प्यारे पासवान के रूप में हुई है। एक महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है, पुलिस उनकी शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।

कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शी का कहना है, 'मंदिर के पास फूल दुकानदारों के बीच झगड़ा होने के बाद अफरा-तफरी मच गई। लोग एक दूसरे पर चढ़कर आगे बढ़ने लगे। हादसे के लिए पुलिस-प्रशासन जिम्मेदार है। वहां कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। रास्ते में पुलिसकर्मी तो मिले, लेकिन मंदिर में कोई नहीं था। कम से कम 10 से 15 लोगों की मौत हुई होगी और 50 से 60 लोग घायल हुए होंगे। मुझे भी चोट लगी है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि 'घटना की वजह लाठीचार्ज है। बराबर पहाड़ी पर श्रद्धालु एक तरफ से उतर रहे थे और दूसरी तरफ से चढ़ रहे थे। अफरा-तफरी मची तो व्यवस्था में लगे प्रशासनिक अमले ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गई, श्रद्धालु जान बचाने के लिए भागने लगे और दब गए। मृतक के परिजन कृष्ण कुमार ने बताया कि 'इस घटना में करीब 50 लोगों की मौत हुई है। यह बात दर्शन के लिए आए श्रद्धालु कह रहे हैं। रात दो बजे से ही लोग अस्पताल में हैं। प्रशासन ने उचित व्यवस्था नहीं की है। अगर प्रशासन के पास भी कोई गाड़ी होती तो लोगों की जान बच सकती थी, लापरवाही हुई है। प्रत्येक एम्बुलेंस में चार शव भेजे जा रहे हैं।

ब स्थिति नियंत्रण में है : पुलिस

वहीं जहानाबाद डीएम अलंकृता पांडे ने बताया कि, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि, 'हम हालात पर नजर रख रहे हैं। अब स्थिति नियंत्रण में है।'

सावन के तीसरे सोमवार पर हाजीपुर में हुआ था हादसा

हाजीपुर में सावन की तीसरी सोमवारी (5 अगस्त) पर बाबा हरिहर नाथ को जलाभिषेक करने सोनपुर जा रहे 9 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी। श्रद्धालुओं की DJ ट्रॉली हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई थी। 15 सेकेंड तक शव ट्रॉली से चिपके रहे थे। हादसा हाजीपुर इंडस्ट्रियल थाने के सुल्तानपुर गांव में रात करीब 12 बजे हुआ था। डीजे ट्रॉली पर करीब 12-15 लोग सवार थे। 9 की मौत हुई, जबकि 2 घायल हो गए। ये भी पढ़ें- सावन के तीसरे सोमवार पर हादसा : हाजीपुर में 9 श्रद्धालुओं की मौत, हाईटेंशन तार की चपेट में आया DJ, 15 सेकेंड तक चिपके रहे शव

हाथरस में भगदड़ मचने से 120 लोगों की मौत

इससे पहले दो जुलाई को उत्तर प्रदेश के हाथरस में भगदड़ मचने से 120 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। यह भगदड़ बाबा नारायण हरि के एक कार्यक्रम में हुई थी। ये भी पढ़ें- UP के हाथरस में हादसा : सत्संग में मची भगदड़, 100 से ज्यादा श्रद्धालुओं की मौत की आशंका, अस्पताल के बाहर पड़ी लाशें; आर्थिक सहायता का ऐलान
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts