कैश के ढेर से सोना-महंगी घड़ियों तक... ADM रविंद्र दिवाकर के ठिकानों पर छापे में क्या-क्या मिला?

पटना। बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग ने ADM सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को निगरानी विभाग की टीमों ने पटना और बेगूसराय में उनके ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 113/26 के तहत न्यायालय से मिले सर्च वारंट के आधार पर की जा रही है। तलाशी के दौरान अलग-अलग ठिकानों से बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, महंगी घड़ियां और जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।
बेगूसराय के पैतृक घर पर भी पहुंची टीम
निगरानी विभाग की एक टीम ने बेगूसराय के पोखरिया वार्ड नंबर-37 स्थित रविंद्र कुमार दिवाकर के पैतृक आवास पर तलाशी ली। यहां कार्रवाई पटना निगरानी के DSP वासुदेव राय के नेतृत्व में 6 सदस्यीय टीम ने की। तलाशी के दौरान यहां से 9 लाख रुपए से अधिक नकदी मिलने की जानकारी है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण भी मिलने की बात सामने आई है। अधिकारियों की टीम बरामद सामान का मिलान और दस्तावेजों की जांच कर रही है। निगरानी विभाग की कार्रवाई के दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली गई और संपत्ति से जुड़े कागजात भी खंगाले गए।
EOW की छापेमारी में प्रबंधक की तीन करोड़ की बेहिसाबी संपत्ति उजागर, पांच स्लीपर बस, पांच लग्जरी कार
पटना वाले घर से 70 लाख कैश मिलने की जानकारी
दूसरी टीम ने पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित कश्यप ग्रीन सिटी में रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के आवास पर तलाशी ली। यहां से अब तक करीब 70 लाख रुपए नकद मिलने की जानकारी सामने आई है। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद नोटों की गिनती के लिए मशीन भी मंगाई गई। टीम नकदी के साथ-साथ घर में मौजूद अन्य सामान और दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। हालांकि, निगरानी विभाग की अंतिम रिपोर्ट और तलाशी पूरी होने के बाद ही बरामद नकदी की सटीक राशि स्पष्ट होगी।
48 महंगी घड़ियों ने भी खींचा ध्यान
तलाशी के दौरान करीब 48 महंगी घड़ियां मिलने की जानकारी भी सामने आई है। इन घड़ियों की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और जमीन-जायदाद से जुड़े कई दस्तावेज भी जांच टीम के हाथ लगने की बात कही जा रही है। निगरानी विभाग अब इन सामान और संपत्तियों के संबंध में उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
दस्तावेजों में 2.92 करोड़ की अचल संपत्ति का ब्योरा
निगरानी विभाग से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, जांच की अवधि में रविंद्र कुमार दिवाकर, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम दर्ज अचल संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 2 करोड़ 92 लाख 85 हजार 900 रुपए बताया गया है। दस्तावेजों के अनुसार, दानापुर के कश्यप ग्रीन होम्स में कुमारी स्वीटी के नाम फ्लैट नंबर 402 की कीमत करीब 49.34 लाख रुपए और रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम फ्लैट नंबर 401 की कीमत करीब 45.68 लाख रुपए दर्ज है। इसके अलावा फुलवारीशरीफ में दोनों के नाम करीब 3.9-3.9 डिसमिल जमीन का उल्लेख है। प्रत्येक जमीन की कीमत करीब 51.73 लाख रुपए बताई गई है। बलिया में 20 डिसमिल जमीन की कीमत करीब 23.77 लाख रुपए और फुलवारीशरीफ में पिता के नाम दर्ज 3.9 डिसमिल जमीन की कीमत करीब 44.19 लाख रुपए बताई गई है। बेगूसराय में करीब चार डिसमिल जमीन भी दस्तावेजों में दर्ज है, जिसकी कीमत करीब 26.40 लाख रुपए बताई गई है।
महासमुंद में मानव तस्करी के नेटवर्क का खुलासा, 10 ठिकानों पर छापा; 1.48 करोड़ कैश बरामद
शिक्षक से शुरू हुआ था रविंद्र दिवाकर का करियर
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक रविंद्र कुमार दिवाकर ने वर्ष 2000 में शिक्षक के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में अलग-अलग पदों पर काम किया। वर्ष 2009 में वे सारण में DPRO रहे। इसके बाद 2010-11 में कटिहार में SDC, 2014 में दरभंगा में SDC, 2018 में सहरसा में PGRO और 2020 में समस्तीपुर में SDM के पद पर रहे। वर्ष 2023 में गया में SDC और 2024 में पटना में SDC के पद पर कार्यरत रहे। अक्टूबर 2025 से वे पटना में ADM सप्लाई के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी 2013 बैच की सब-रजिस्ट्रार हैं। उन्होंने तेघड़ा, हवेली खड़गपुर और सकरा में सेवाएं दी हैं। वर्ष 2024 से वह दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत बताई जा रही हैं।
न्यायालय के सर्च वारंट पर चल रही तलाशी
निगरानी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पूरी कार्रवाई कांड संख्या 113/26 के तहत की जा रही है। डीएसपी वासुदेव राय के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर जारी सर्च वारंट के आधार पर तलाशी ली जा रही है। फिलहाल पटना और बेगूसराय दोनों जगहों पर जांच जारी है। बरामद नकदी, आभूषण, घड़ियों और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद ही निगरानी विभाग की ओर से आगे की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।



















