Twisha Sharma Death Case:CBI के सामने समर्थ ने खुद लगाई फांसी की गांठ, 3 घंटे चला क्राइम सीन रिक्रिएशन
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में CBI की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। सोमवार (को जांच एजेंसी की टीम एक बार फिर कटारा हिल्स स्थित रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर पहुंची। यहां CBI ने पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए 3 घंटे तक क्राइम सीन रिक्रिएट किया। इस दौरान टीम अपने साथ करीब 80 किलो वजन की डमी भी लेकर पहुंची। CBI का उद्देश्य यह जानना है कि 12 मई की रात आखिर घर के अंदर क्या हुआ था और अब तक सामने आए बयान व सबूत घटनास्थल से कितने मेल खाते हैं।
डमी से समझा गया पूरा घटनाक्रम
CBI टीम सबसे पहले उस जगह पर पहुंची, जहां ट्विशा शर्मा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। जांच अधिकारियों ने 80 किलो की डमी को उसी तरह फंदे पर लटकाया और फिर आरोपी पति समर्थ सिंह तथा उसकी मां गिरिबाला सिंह से उस रात की पूरी घटना दोहराने को कहा।
जांच के दौरान समर्थ सिंह ने अपने हाथों से फांसी के फंदे की गांठ बनाकर दिखाई। उसने यह भी बताया कि कथित तौर पर उसने किस तरह ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था। CBI अधिकारियों ने उससे लगातार सवाल पूछे और घटना के हर पहलू को बारीकी से समझने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें: फंदे से कैसे उतारी गई थी ट्विशा? 80KG की डमी लेकर पहुंची CBI, समर्थ और सास से कराएगी सीन रिक्रिएशन
समर्थ ने बताया कैसे उतारा था शव
पुलिस और CBI को दिए गए अपने बयान में समर्थ सिंह ने दावा किया है कि उसने ही ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था। इसी दावे की सच्चाई जांचने के लिए उससे मौके पर पूरा घटनाक्रम दोहराने को कहा गया।
CBI अधिकारियों ने उससे पूछा कि जब उसने ट्विशा को देखा तो उसका शरीर किस स्थिति में था, फंदा कैसे लगा था और उसने उसे नीचे उतारने के लिए क्या-क्या किया। समर्थ ने मौके पर इन सभी बातों को समझाने का प्रयास किया।
गिरिबाला सिंह से भी पूछे गए सवाल
क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान गिरिबाला सिंह को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने पहले अपने बयान में कहा था कि ट्विशा के गले में पड़े फंदे की गांठ उन्होंने खोली थी।
CBI ने उनसे भी विस्तार से पूछा कि उन्होंने गांठ कैसे खोली, उस समय ट्विशा की स्थिति क्या थी और घटना के बाद क्या-क्या किया गया। जांच एजेंसी दोनों के बयानों का मिलान घटनास्थल और उपलब्ध सबूतों से कर रही है।
यह भी पढ़ें: UCC की ओर बढ़ा मध्यप्रदेश! मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- जनता दे अपनी राय और सुझाव
घर के हर हिस्से की बारीकी से जांच
जानकारी के अनुसार, CBI की छह सदस्यीय टीम घर के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण कर रही है। अधिकारी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि ट्विशा को फंदे से नीचे उतारने के बाद घर से बाहर कैसे लाया गया था। टीम घर के कमरों, सीढ़ियों और अन्य स्थानों का भी निरीक्षण कर रही है। जांच एजेंसी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि आरोपियों के बयान घटनास्थल की परिस्थितियों से मेल खाते हैं या नहीं।
सास गिरिबाला सिंह पहले ही हो चुकी हैं गिरफ्तार
इस मामले में CBI पहले ही बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। 28 मई को कई घंटों की पूछताछ के बाद सीबीआई ने ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह दोनों CBI की रिमांड पर हैं। दोनों को 2 जून तक रिमांड में रखा गया है। इसके बाद मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा, जहां सीबीआई आगे की कार्रवाई को लेकर अपना पक्ष रख सकती है।
कोर्ट और CBI पर परिवार को भरोसा
दूसरी ओर, ट्विशा शर्मा का परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। परिवार ने अदालत और सीबीआई की जांच पर पूरा भरोसा जताया है। ट्विशा का परिवार उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में रहता है। ट्विशा के पिता ने कहा कि उनकी बेटी बेहद प्रतिभाशाली और मजबूत इरादों वाली थी। उनका कहना है कि ट्विशा आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। उन्होंने कहा कि परिवार को उम्मीद है कि CBI जांच के जरिए सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।
CJI और CBI का किया धन्यवाद
ट्विशा के पिता ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि परिवार CBI की शुरुआती जांच से संतुष्ट है और उन्हें एजेंसी की निष्पक्ष जांच पर पूरा भरोसा है। उनका कहना है कि सीबीआई देश की प्रतिष्ठित जांच एजेंसियों में से एक है, जिसने कई बड़े मामलों की सच्चाई सामने लाई है। परिवार को उम्मीद है कि ट्विशा केस में भी न्याय मिलेगा।
12 मई को हुई थी संदिग्ध मौत
गौरतलब है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष का दावा है कि यह आत्महत्या का मामला है, जबकि मायके पक्ष शुरू से ही इसे हत्या बता रहा है।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद जांच CBI को सौंप दी गई। 24 मई को भोपाल एम्स में दिल्ली एम्स की विशेषज्ञ टीम की मौजूदगी में ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया गया था। उसी दिन शाम को भोपाल में उनका अंतिम संस्कार भी किया गया। अब पूरे मामले की नजर CBI जांच पर टिकी हुई है।















