भोपाल में ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ की बैठक पर बवाल! छात्रों ने थाने में दिया ज्ञापन; ‘बिना अनुमति हुआ CJP का आयोजन’?

भोपाल। मध्य प्रदेश में ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ की शुरुआत को लेकर भोपाल के गांधी भवन में आयोजित बैठक अब विवादों में घिर गई है। बैठक के दौरान कुछ छात्रों के पहुंचने के बाद सवाल-जवाब और नारेबाजी शुरू हो गई। इसके बाद मौके पर पुलिस-प्रशासन की टीम पहुंची और स्थिति को शांत कराया। अब इस मामले में छात्रों ने श्यामला हिल्स थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है और पूरे मामले की जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि गांधी भवन में आयोजित बैठक के लिए अनुमति नहीं ली गई थी।
बैठक में पहुंचे छात्र, शुरू हुआ सवाल-जवाब
‘स्कूल ठीक करो अभियान’ को लेकर गांधी भवन में बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान कुछ छात्र वहां पहुंचे और उन्होंने अपनी समस्याएं और अपनी बात संगठन के लोगों के सामने रखी। बातचीत के दौरान छात्रों और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच सवाल-जवाब शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और वहां नारेबाजी भी होने लगी। बताया गया कि कुछ युवकों ने बैठक के दौरान विरोध में नारे लगाए। उन्होंने ‘ CJP मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए। इस दौरान युवकों की ओर से कहा गया कि ये दिल्ली नहीं, भोपाल है।
CJP आंदोलन पर भड़के 'शक्तिमान' मुकेश खन्ना, बोले- 'गंदी नाली के कीड़े बन गए, इन्हें बाहर फेंक दो'
अब छात्रों ने थाने में सौंपा ज्ञापन
बैठक में हुए विवाद के बाद अब मामला थाने तक पहुंच गया है। आज उत्कर्ष गुप्ता नमस्ते भोपाल, अंश पुरोहित स्वराज्य संकल्प, शुभम सोनी सनातनी इन्फ्लुएंसर और गौतम जायसवाल भाजयुमो से जुड़े लोगों ने श्यामला हिल्स थाने में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बैठक में जो घटनाक्रम हुआ, उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
पुलिस ने बताई अनुमति को लेकर स्थिति
श्यामला हिल्स थाना प्रभारी नीलम पाटवा के मुताबिक गांधी भवन में आयोजित इस बैठक के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। उन्होंने बताया कि जिस क्षेत्र में बैठक आयोजित की जा रही थी, वह प्रतिबंधित क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे स्थान पर आम सभा या सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अनुमति लेना जरूरी होता है। थाना प्रभारी के मुताबिक गांधी भवन की भवन कमेटी को भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि वहां CJP की बैठक आयोजित की जा रही है। अब पुलिस की ओर से अनुमति से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है।
भोपाल में CJP की स्कूल ऑडिट बैठक में हंगामा, छात्रों ने लगाए नारे; मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल
CJP कर रहा सरकारी स्कूलों का नागरिक ऑडिट
दरअसल, मध्य प्रदेश में ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ की जिम्मेदारी CJP की को-ऑर्डिनेटर माया विश्वकर्मा संभाल रही हैं। वह लगातार सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर भी सवाल उठाती रही हैं। माया विश्वकर्मा के मुताबिक अभियान के तहत सरकारी स्कूलों की जमीनी स्थिति को समझने के लिए नागरिक स्तर पर ऑडिट किया जा रहा है। उनका कहना है कि ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में कई बार अधिकारियों का समय पर पहुंचना मुश्किल होता है। ऐसे में स्थानीय लोगों के जरिए स्कूलों से जुड़ा जमीनी डेटा जुटाने की कोशिश की जा रही है।
स्कूलों की स्थिति को लेकर जुटाया जा रहा डेटा
अभियान का उद्देश्य सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति को सामने लाना बताया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों की सुविधाओं, भवन, पढ़ाई और दूसरी व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी जुटाने की बात कही गई है। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि स्थानीय लोगों और छात्रों की भागीदारी से स्कूलों की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है। वहीं, दूसरी तरफ बैठक को लेकर उठा विवाद अब अनुमति और आयोजन की प्रक्रिया तक पहुंच गया है।
अब जांच पर टिकी नजर
गांधी भवन की बैठक के दौरान हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से अपने-अपने दावे सामने आ रहे हैं। छात्रों ने थाने में ज्ञापन देकर जांच की मांग की है, जबकि पुलिस ने बैठक के लिए अनुमति नहीं होने की बात कही है।



















