भोपाल के न्यू मार्केट में आग की घटना के बाद नगर निगम की मॉकड्रिल, रास्ते में रखे सामान की जब्ती

भोपाल के न्यू मार्केट में आग की बड़ी घटना के बाद नगर निगम ने दमकलों की आवाजाही और आपात स्थिति में राहत कार्यों की तैयारी पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। बुधवार को निगम की टीम ने पूरे बाजार में करीब तीन घंटे तक मॉकड्रिल की। इस दौरान दो दमकलों को बाजार के अलग-अलग रास्तों से निकाला गया। जहां दुकानों के सामने रखा सामान दमकलों की आवाजाही में बाधा बना, वहां से सामान हटाकर जब्ती की कार्रवाई की गई। मॉकड्रिल के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने दमकलों के साथ चलकर उन स्थानों की पहचान की, जहां रास्ता संकरा होने या दुकानों के बाहर सामान रखे होने के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। निगम ने हॉकर्स को भी चेतावनी दी है कि वे गुरुवार को टीटी नगर स्टेडियम के पास बने हाट बाजार में शिफ्ट हो जाएं। निर्धारित स्थान पर नहीं जाने वालों के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
दो दमकलों के साथ पूरे बाजार में मॉकड्रिल
नगर निगम की टीम ने बुधवार दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक मॉकड्रिल की। इसमें दो दमकलों, दो अतिक्रमण वाहनों और तीन लाइट व्हीकल को न्यू मार्केट के रास्तों से निकाला गया। अधिकारियों ने देखा कि आपात स्थिति में दमकलें कितनी आसानी से बाजार के अंदर पहुंच सकती हैं और किन स्थानों पर रुकावट का सामना करना पड़ता है। जहां भी रास्ते में सामान रखा मिला या दमकलों की आवाजाही प्रभावित हुई, वहां से सामान हटाया गया। मॉकड्रिल का उद्देश्य यह पता लगाना था कि बाजार में आग लगने की स्थिति में दमकलों को मौके तक पहुंचाने और आग पर जल्द काबू पाने में किस तरह की दिक्कतें आ सकती हैं। इस दौरान नगर निगम के उपायुक्त भुवन गुप्ता, फायर ऑफिसर सौरभ पटेल और अतिक्रमण प्रभारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया मौजूद रहे।
भोपाल के न्यू मार्केट में छोले-भटूरे की दुकान में भीषण आग, 25 फीट तक उठीं लपटें
गुरुवार से हॉकर्स की शिफ्टिंग पर जोर
नगर निगम ने बुधवार को दिनभर बाजार में अनाउंसमेंट कराकर हॉकर्स को गुरुवार से निर्धारित स्थान पर शिफ्ट होने की सूचना दी। न्यू मार्केट के नो-व्हीकल जोन में रेहड़ी लगाकर कारोबार करने वाले हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास स्थित हाट बाजार में विस्थापित किया जाना है। निगम अधिकारियों के मुताबिक हॉकर्स को पहले ही इसकी जानकारी दी जा रही है ताकि वे तय स्थान पर अपना कारोबार शुरू कर सकें। निर्देश का पालन नहीं करने पर सामान जब्त किया जाएगा।
भोपाल के न्यू मार्केट में आग के बाद नगर निगम की कार्रवाई, 4 ट्रक सामान जब्त
दुकानों के सामने पीली लाइन की दोबारा मार्किंग
नगर निगम बाजार में दुकानों के सामने बनी पीली लाइन की दोबारा मार्किंग भी करा रहा है। बुधवार से इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। दुकानदारों को स्पष्ट कर दिया गया है कि पीली लाइन के आगे सामान रखने पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।




















