भोपाल: महापौर मालती राय की गाड़ी में आग लगाने की कोशिश, नाराज कर्मचारी ने जलते कागज रखे

भोपाल नगर निगम मुख्यालय अटल भवन में सोमवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया, जब एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी ने महापौर मालती राय की अटैच्ड कार में आग लगाने की कोशिश की। कर्मचारी ने कार की छत पर कागजों से भरी पॉलीथिन रखकर उसमें आग लगा दी।
भोपाल: महापौर मालती राय की गाड़ी में आग लगाने की कोशिश, नाराज कर्मचारी ने जलते कागज रखे
महापौर मालती राय की गाड़ी में आग लगाने की कोशिश

भोपाल। आग लगते ही आसपास मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे तुरंत आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। एक कर्मचारी ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे महापौर की गाड़ी जलने से बच गई। घटना के बाद संबंधित कर्मचारी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है।

करीब पौने 3 बजे पार्किंग में पहुंचा कर्मचारी

घटना सोमवार दोपहर करीब पौने 3 बजे की बताई जा रही है। उस समय महापौर मालती राय नगर निगम मुख्यालय की फर्स्ट फ्लोर स्थित अपने कार्यालय में थीं और उनकी अटैच्ड कार पार्किंग में खड़ी थी। इसी दौरान दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी सुनील रैकवार निगम मुख्यालय पहुंचा और हंगामा करने लगा। उसने कार की छत पर कागजों से भरी पॉलीथिन रखी और उसमें आग लगा दी।

नियमितीकरण की मांग को लेकर था नाराज

बताया जा रहा है कि सुनील रैकवार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी है और लंबे समय से कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग उठा रहा है। वह कर्मचारी संगठन सम्राट अशोक संगठन का अध्यक्ष भी बताया जा रहा है। नियमित नहीं किए जाने से नाराज होकर वह सोमवार को निगम मुख्यालय पहुंचा था। आग लगाने के बाद उसने मंत्री और महापौर के विरोध में नारेबाजी भी की।

Breaking News

कर्मचारियों की ये हैं प्रमुख मांगें

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 29 दिवस वाले कर्मचारियों को स्थायी करना और सभी कर्मचारियों को आठवां वेतनमान स्वीकृत करना शामिल है। उनका कहना है कि शासन द्वारा अन्य कर्मचारियों को जिस तरह वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है, उसी तरह निगम कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। इसके अलावा कर्मचारियों ने सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन देने और नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों से दलालों को दूर रखने की मांग भी उठाई है। इन्हीं मांगों को लेकर कर्मचारी संगठन लगातार आवाज उठा रहा है।

आग बुझाने में कर्मचारी घायल

कार की छत पर आग लगी देख निगम का एक कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचा और आग बुझाने लगा। इस दौरान आग बुझाते समय कर्मचारी राम सिंह यादव घायल हो गया, लेकिन उसकी तत्परता से आग कार के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुंच सकी। बताया जा रहा है कि सुनील रैकवार के एक हाथ में सिरिंज भी लगी हुई थी। इससे संभावना जताई जा रही है कि वह अस्पताल में इलाज कराने के बाद सीधे निगम मुख्यालय पहुंचा था।

ये भी पढ़ें: दिल्ली इमारत हादसे में एमपी के 2 छात्रों की मौत, देवास के अर्पित और कटनी के अक्षत की गई जान

निगम कमिश्नर ने कार्रवाई के दिए निर्देश 

घटना के बाद महापौर मालती राय कुछ देर अपने केबिन में बैठीं और उन्होंने मीडिया से इस मामले में कोई बातचीत नहीं की। बाद में उनकी गाड़ी को भी पार्किंग में निर्धारित स्थान से हटाकर दूसरी जगह खड़ा कर दिया गया। पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और जानकारी के अनुसार महापौर ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी देखे हैं। इधर, निगम कमिश्नर संस्कृति जैन को घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित कर्मचारी के खिलाफ थाने में FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts