
भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में CRPF के एक जवान ने पहले पत्नी को गोली मारी, फिर खुद को भी उसी बंदूक से शूट कर लिया। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामला बंगरसिया स्थित कॉलोनी का है। गोली मारकर हत्या और आत्महत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को कॉल कर दी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, मिसरोद क्षेत्र के बंगरसिया में कैंप में रहने वाले सीआरपीएफ जवान ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 1:30 बजे गोली मारकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम और डायल 100 में खुद कॉल कर हत्या करने की जानकारी दी। जिसके बाद खुद को भी शूट कर लिया। गोलीबारी से दोनों पति पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस को जवान का शव खून से लथपथ हालत में मिला। पत्नी का शव भी पास ही जमीन पर पड़ा था। पुलिस को घटनास्थल की जांच के दौरान इंसाफ राइफल आठ कारतूस मिले हैं।
आरक्षक ने क्यों उठाया ये कदम
टीआई मनीष राज सिंह भदौरिया ने बताया कि, रविकांत वर्मा (35) और पत्नी रेनू वर्मा (32) सीआरपीएफ कैंप के पास सिविल कॉलोनी में रहते थे। रविकांत ने रात करीब 1:30 बजे कॉल कर बताया कि मैंने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। दोनों बॉडी का पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि, दोनों के दो बच्चे ढाई साल की बेटी और 6 साल का बेटा है।
मृतक आरक्षक के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- पन्ना : जेके सीमेंट प्लांट में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन यूनिट की छत गिरने से 2 मौत, कई मजदूर मलबे में फंसे
2 Comments