सीलिंग की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, बीन-पुंगी बजाकर जताया विरोध

भोपाल। प्रदर्शन कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राहुल सिंह राठौर के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान कांग्रेसियों ने थाली-चम्मच, बीन और पुंगी बजाकर जनप्रतिनिधियों को जगाने का अनोखा तरीका अपनाया और नगर निगम की कार्रवाई को लेकर जिम्मेदारों पर निशाना साधा।
8 हजार से ज्यादा लोगों को नोटिस
राहुल सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने भोपाल में 8 हजार से ज्यादा लोगों को सीलिंग के नोटिस दिए हैं। अब तक 190 से अधिक प्रतिष्ठान बंद कराए जा चुके हैं, जिससे व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
ये भी पढ़ें: सीलिंग के विरोध के बीच अब 'दौड़ेगा' भोपाल, 9 सितंबर को ‘रन फॉर मास्टर प्लान’
व्यापारियों की बढ़ी परेशानी
राठौर ने कहा कि कार्रवाई के चलते व्यापारियों की रात की नींद और दिन का चैन छिन गया है। कई लोग परेशान हैं और ठीक से सो तक नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि रहवासी सड़कों पर हैं, लेकिन सांसद, विधायक और महापौर दिखाई नहीं दे रहे।
मास्टर प्लान लागू नहीं होने पर सवाल
कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि अगर जनप्रतिनिधियों ने समय रहते लोगों की मांग उठाई होती और भोपाल का मास्टर प्लान लागू हो गया होता, तो आज यह समस्या खड़ी नहीं होती। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया।
ये भी पढ़ें: सीहोर-‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ वाले सुनील लोधी पहुंचेंगे सिद्धपुर, एक लाख की मटकी के लिए भिड़ेंगी एक दर्जन टीमें
घरों के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी
कांग्रेसियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जगाने के लिए यह प्रदर्शन किया गया है। अब सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा और महापौर मालती राय के घर के बाहर भी प्रदर्शन किया जाएगा।




















