Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Bhopal Bairagarh Murder Case: 12 साल की बच्ची की हत्या, मुंह में ठूंसा था कपड़ा, गला घोंटने की पुष्टि; आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला जुर्म

भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 
Bhopal Bairagarh Murder Case: 12 साल की बच्ची की हत्या, मुंह में ठूंसा था कपड़ा, गला घोंटने की पुष्टि; आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला जुर्म
बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची के हत्याकांड में बड़ा अपडेट: आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला जुर्म

भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक खंडहर में मिला। पुलिस के मुताबिक, शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि की जानकारी सामने आई है। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। घटना के बाद लोगों ने बैरागढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की।

बैरागढ़ में कहां मिला 12 साल की बच्ची का शव?

यह घटना भोपाल के बैरागढ़ इलाके में कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहर की है। शुक्रवार सुबह एक बच्ची कचरा बीनने के लिए वहां पहुंची थी। इसी दौरान उसकी नजर शव पर पड़ी। उसने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और मृतका की दादी को भी बताया। इसके बाद मृतका की दादी थाने पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बैरागढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतका का परिवार कबाड़ बीनने का काम करता है। बच्ची दो बहनों और एक भाई में से एक थी।

भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या, खंडहर में मिला शव; पुलिस जांच में जुटी

शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर क्या जानकारी सामने आई?

मामले में पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, रिपोर्ट अभी पुलिस को आधिकारिक रूप से नहीं सौंपी गई थी। मामले से जुड़े कुछ अन्य गंभीर पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ मिला था। उसके दोनों अगले दांत टूटे हुए थे। शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे। बच्ची के शरीर में संदिग्ध जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की आशंका जताई गई है। डॉक्टरों ने अधिकारियों से बातचीत में निजी अंगों के साथ छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी दी थी।

आरोपी हिरासत में, जुर्म कबूलने का दावा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में हिरासत में लिए गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बताया गया है कि आरोपी भी कचरा बीनने का काम करता है। मामले में साक्ष्य, मेडिकल रिपोर्ट, पूछताछ और अन्य जांच प्रक्रियाओं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस रेप और पॉक्सो एक्ट से संबंधित धाराएं जोड़ने पर भी विचार कर सकती है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद शनिवार को उसे भोपाल जिला न्यायालय में पेश किए जाने की जानकारी सामने आई है।

घटनास्थल से कपड़े और लोहे की रॉड के टुकड़े मिले

पुलिस ने खंडहर से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल से बच्ची के कपड़े, पॉलिथीन में आपत्तिजनक सामग्री और लोहे की रॉड के टूटे हुए टुकड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस इन वस्तुओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका घटना से कोई संबंध है या नहीं। बच्ची के दांत टूटे मिलने के मामले में भी मारपीट की आशंका जताई गई है। पुलिस के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

भोपाल: सर्विस रिवॉल्वर की सफाई के दौरान फायर, प्रधान आरक्षक के हाथ में लगी गोली

बच्ची की हत्या के बाद बैरागढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन

घटना की जानकारी फैलने के बाद शुक्रवार को बैरागढ़ थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की। विरोध के दौरान चक्काजाम हुआ और गाड़ियों तथा कुर्सियों में तोड़फोड़ की भी जानकारी सामने आई। माहौल बिगड़ने के बाद पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। 

बच्ची की गुमशुदगी दर्ज करने में लापरवाही की भी जांच

मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे हैं। एसीपी रत्नेश तोमर के मुताबिक, बच्ची की गुमशुदगी दर्ज नहीं की गई थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे परिजन सूचना देने थाने पहुंचे थे और सूचना के आधार पर बच्ची की तलाश की जा रही थी। गुमशुदगी दर्ज करने में संभावित लापरवाही को लेकर थाने में मौजूद ड्यूटी अधिकारियों की जिम्मेदारी की भी जांच की जा रही है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts