भोपाल में लबालब हुए बांध: दो बार खोले गए कलियासोत डैम के गेट, कोलार और केरवा अभी 3 फीट खाली

भोपाल। सीहोर जिले में तेज बारिश होने पर कोलांस नदी उफान पर आती है और इसका पानी सीधे बड़े तालाब में पहुंचता है। पिछले शुक्रवार को बड़ा तालाब फुल भरने के बाद भदभदा डैम के दो गेट खोले गए थे। इसके अगले दिन कलियासोत डैम के भी एक के बाद एक चार गेट खोले गए। लगातार दूसरे साल सितंबर में डैम के गेट खोले गए हैं।
कोलार डैम अभी तीन फीट खाली
कोलार डैम की कुल जलभराव क्षमता 1516.40 फीट है, जबकि फिलहाल इसमें 1513.45 फीट पानी जमा है। यानी डैम अभी करीब तीन फीट खाली है। इसी डैम से भोपाल शहर के करीब 40 प्रतिशत हिस्से में पानी की सप्लाई होती है। पिछली बार इसके गेट सितंबर में खोले गए थे, जबकि 2024 में जुलाई में गेट खोलने पड़े थे।
ये भी पढ़ें: दुबई AIM कांग्रेस-2026 में सीएम मोहन यादव ने निवेशकों को दिया न्योता, कहा- मप्र सरकार कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होगी
केरवा में 1669.58 फीट पानी जमा
केरवा डैम की कुल क्षमता 1673 फीट है और इसमें अब तक 1669.58 फीट पानी आ चुका है। तेज बारिश होने पर इसका जलस्तर और बढ़ सकता है। केरवा डैम से कोलार रोड से जुड़े इलाकों में पानी की सप्लाई होती है, वहीं आसपास के गांवों में सिंचाई के लिए भी यह डैम प्रमुख जलस्रोत है।
कलियासोत डैम पूरी तरह भर चुका
कलियासोत डैम की कुल जलभराव क्षमता 1659.02 फीट है और यह पूरी तरह भर चुका है। शनिवार को पहली बार एक के बाद एक चार गेट खोले गए थे, जबकि रविवार को फिर दो गेट खोले गए। बड़े तालाब के फुल होने और भदभदा के गेट खुलने के बाद कलियासोत डैम में लगातार पानी पहुंच रहा है। डैम का पानी मुख्य रूप से सिंचाई के काम आता है।
कलियासोत नदी से बेतवा और यमुना तक पहुंचता है पानी
कलियासोत डैम ओवरफ्लो होने के बाद अतिरिक्त पानी कलियासोत नदी के जरिए छोड़ा जाता है। यह पानी आगे बेतवा नदी में पहुंचता है और फिर यमुना होते हुए गंगा नदी से जुड़ता है। लगातार बारिश के बीच डैमों के जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: इन 6 सीटों पर फिर होगा सियासी मुकाबला! EC ने जारी किया पूरा शेड्यूल, 6 अक्टूबर को वोटिंग; 9 अक्टूबर को आएगा रिजल्ट
बड़ा तालाब से तीन लाख से ज्यादा लोगों को पानी
बड़ा तालाब को भोपाल की लाइफ लाइन कहा जाता है, क्योंकि यह शहर के जलस्तर को बेहतर रखने के साथ बड़ी आबादी की प्यास भी बुझाता है। इससे पुराने शहर, बैरागढ़ यानी संत हिरदाराम नगर और आसपास के इलाकों में रोजाना तीन लाख से ज्यादा लोगों को पानी की सप्लाई होती है। शहर के 20 प्रतिशत से ज्यादा इलाकों में यहां से पानी पहुंचता है और रोज करीब 25 MGD यानी मिलियन गैलन प्रतिदिन पानी सप्लाई किया जाता है। बड़े तालाब की कुल जलभराव क्षमता 1666.80 फीट है।


















