भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में करणी सेना के बाद भीम आर्मी का शक्ति प्रदर्शन, चंद्रशेखर ने किया विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश में चुनावी साल के चलते विरोध, आंदोलनों और शक्ति प्रदर्शनों का दौर जारी है। राजधानी भोपाल से लेकर जिला स्तर तक लोग व संगठन अपनी मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। में बीते महीने करणी सेना परिवार ने प्रदर्शन कर अपनी ताकत दिखाई थी। अब इसी कड़ी में रविवार को भीम आर्मी अपनी दमदारी दिखा रही है।

भीम आर्मी का राजधानी भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आज बड़ा शक्ति प्रदर्शन है। इसमें जय युवा आदिवासी संगठन (जयस), ओबीसी महासभा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और आजाद समाज पार्टी के लोग भी इसमें शामिल हो रहे हैं। भेल दशहरा मैदान के कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में लोग नजर आ रहे हैं। इसमें आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण ने सभास्‍थल पर पहुंचकर संबोधित किया।

सत्ता के लिए होगा अगला कदम : चंद्रशेखर

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, यह यात्रा का पहला चरण है। आगामी विधानसभा चुनाव तक ऐसी कम से कम 5 यात्राएं होंगी। हर यात्रा में दोगुने सैलाब के साथ आएंगे। सिर्फ सरकार की घोषणाओं से पेट नहीं भरेगा, हम इनसे थक चुके हैं। हम दलित, पिछड़े, आदिवासी भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। आगे का कदम सत्ता के लिए होगा। संविधान का राज चलेगा, सारा बहुजन साथ चलेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर में रविदास मंदिर के लिए 100 करोड़ रुपए की घोषणा की। उन्होंने ऐसी ही घोषणा उज्जैन में 50 लाख रुपए की थी, क्यों नहीं दिए अब तक? चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि एक महीने में मांगें पूरी नहीं हुईं, तो इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। जाते-जाते कहा कि पहली बार प्रदेश में हम आदिवासी मुख्यमंत्री बनाएंगे।

रात से ही डटे कार्यकर्ता

भोपाल में पहली बार इन दोनों संगठनों (करणी सेना-भीम आर्मी) का इतना बड़ा शक्ति प्रदर्शन हो रहा है। इस प्रदर्शन के लिए प्रदेशभर से भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शनिवार रात में ही राजधानी पहुंच गए थे। माना जा रहा है कि भीम आर्मी संगठन 2023 के विधानसभा चुनाव में एक मोर्चा बनाकर चुनाव मैदान में उतर सकता है। वहीं रैली के लिए शिवपुरी, विदिशा, शाजापुर, रतलाम, देवास, उज्जैन से लोग पैदल भी भोपाल पहुंचे हैं।

15 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

ये प्रदर्शन जातिगत जनगणना कराने, प्रदेश सरकार से प्रमोशन में आरक्षण का कानून बनवाने, आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करवाने जैसी 15 से ज्यादा मांगों को लेकर हो रहा है। वे प्रदर्शन में भीम आर्मी राज्य और केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना, आरक्षण की सीमा बढ़ाने, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने, दो अप्रैल 2018 को अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों पर दर्ज किए गए आपराधिक प्रकरण वापस लेने, बैकलाग के खाली पदों पर भर्ती करने, ओबीसी के 51 हजार पदों पर नियुक्ति को लेकर लगी रोक हटाने, ठेकेदारी प्रथा खत्म करने, सफाई कर्मचारियों को नियमित करने और छात्रावासों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रही है।

मुरैना में प्रदर्शन का किया था ऐलान

भीम आर्मी का यह प्रदर्शन आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजादरावण के आह्वान पर हो रहा है। चंद्रशेखर आजाद ने 12 जनवरी को ही प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के गढ़ मुरैना में ऐलान कर दिया था कि आगामी 12 फरवरी को राजधानी भोपाल में भीम आर्मी का बढ़ा प्रदर्शन होगा। चंद्रशेखर की अपील के बाद ही रविवार को राजधानी भोपाल में भीम आर्मी का शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button