बेगमगंज :जगन्नाथ का भात जगत पसारे हाथ: नए रथ पर निकली भगवान जगदीश स्वामी की भव्य रथयात्रा

बेगमगंज। नगर के प्रमुख मार्गों से जगदीश स्वामी की रथयात्रा निकाली गई।

बेगमगंज । रायसेन जिले की बेगमगंज तहसील में आषाढ़ शुक्ल पक्ष के पावन अवसर पर प्राचीन जगदीश मंदिर से भगवान जगदीश स्वामी की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। इस वर्ष भगवान को विशेष रूप से तैयार किए गए नए और आकर्षक रथ पर विराजमान किया गया। "जगन्नाथ का भात, जगत पसारे हाथ" और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

नगर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा

रथयात्रा जगदीश मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान स्थित हनुमान मंदिर पहुंची। परंपरा के अनुसार भगवान का रात्रि विश्राम हनुमान मंदिर में हुआ। अगले दिन प्रातःकाल विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान पुनः जगदीश मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए उमड़े।

ये भी पढ़ें: Jagannath Rath Yatra 2026: पुरी में गूंजा 'जय जगन्नाथ'... भाई-बहनों संग रथ पर सवार हुए महाप्रभु, देश-विदेश के लाखों भक्त हुए शामिल

पुष्पवर्षा और भजन-कीर्तन से गूंजा माहौल

रथयात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। महिलाएं, पुरुष और बच्चे भजन-कीर्तन करते हुए पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। नए रथ की भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही और लोगों ने इसे नगर की धार्मिक परंपरा का गौरव बताया।

सुरक्षा व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अनुविभागीय अधिकारी प्रियंका भलाबी और पुलिस एसडीओपी सोनाली गुप्ता के नेतृत्व में सुरक्षा व यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए। यात्रा में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान जगदीश स्वामी से नगर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

ये भी पढ़ें: सीहोर : पुरी की तर्ज पर निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने रस्सी से खींचा रथ

Anand Sharma
By Anand Sharma

Latest Posts