इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

बड़वानी : तीन वर्षीय मादा तेंदुआ पिंजरे में हुआ कैद, वन विभाग ने घने जंगल में छोड़ा; देखें Video

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी वन मंडल के ग्राम पिपलूद स्थित एक खेत में तीन वर्षीय मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ है। किसान द्वारा सूचना मिलने पर वन विभाग ने केले के खेत में पिंजरा लगया था। बड़वानी के वनमण्डलाधिकारी एस एल भार्गव ने बताया कि 3 दिन पूर्व किसान जगदीश यादव और कल शाम लोकसभा सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने सूचित किया था कि ग्राम पिपलूद में एक तेंदुआ खेतों में दिखाई दे रहा है। इस पर अधिकारियों और वन अमले ने ग्राम पिपलूद का दौरा किया था।

दो दिन पहले लगाया था पिंजरा

वनमण्डलाधिकारी एस एल भार्गव ने बताया कि किसान के गन्ने के खेत में 2 दिन पूर्व छोटा पिंजरा लगाया गया था, लेकिन तेंदुआ उसमें कैद नहीं हो सका। इसके बाद वन अमले ने कल शाम 5:00 बजे एक बड़ा पिंजरा लगाया और इसके अंदर बकरी का शिकार रखा गया। पिंजरा लगाने के बाद लोगों को समझाइश भी दी गई कि सतर्क रहें। आसपास के ग्रामीणों को सचेत भी किया कि वे खेत व आसपास में ना घूमें। उसके बाद खेत के आसपास वनविभाग की टीम की ड्यूटी भी लगाई गई। इसी दौरान टीम को रात में पता चला कि करीब 11.30 बजे तेंदुआ पिंजरे में आ गया है। जिसकी सूचना पर वह टीम सहित मौके पर पहुंचे और तेंदुआ लेकर वन विभाग की टीम बड़वानी वन मंडल आ गई।

तेंदुए को घने जंगल में छोड़ा

रात में ही तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। लगभग 3 वर्ष की मादा तेंदुआ स्वस्थ हालत में पाई गई, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पाटी विकासखंड के घने जंगल में छोड़ दिया गया है। एस एल भार्गव ने बताया कि जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली में तेंदुए को रखा गया था, रात में उसकी हेड लाइट बंद हो गई लेकिन आसपास चल रही वन विभाग की गाड़ियों की मदद से इसे सफलतापूर्वक गंतव्य तक पहुंचाकर तेंदुए को छोड़ दिया गया। क्षेत्र में काफी संख्या में तेंदुए हैं और पानी पीने व शिकार के चलते नर्मदा नदी के आसपास विचरण करते हैं।

ये भी पढ़ें- MP News : गांव में घुसे तेंदुए ने किया बकरियों का शिकार, लोगों ने झोपड़ी में किया बंद; वन विभाग की टीम ने पकड़ा

संबंधित खबरें...

Back to top button