बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव :नितिन नवीन की सीट से भाजपा के अभिषेक कुमार लड़ेंगे उपचुनाव

भाजपा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। यहां से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में अभिषेक कुमार चुनाव लड़ेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सीट छोड़ने से बांकीपुर सीट खाली हुई थी।
नितिन नवीन की सीट से भाजपा के अभिषेक कुमार लड़ेंगे उपचुनाव
फाइल फोटो

पटना। बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने अभिषेक कुमार को चुनाव मैदान में उतारते हुए मुकाबले को और रोचक बना दिया है। इससे पहले जनसुराज पार्टी ने अपने संस्थापक प्रशांत किशोर को उम्मीदवार घोषित किया था, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने रेखा कुमारी गुप्ता को टिकट दिया है। तीन प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से बांकीपुर सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबले के आसार मजबूत हो गए हैं। राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और अब सभी की नजर इस हाई-प्रोफाइल सीट पर टिकी है।

केंद्रीय चुनाव समिति ने दी मंजूरी 

BJP के केंद्रीय कार्यालय ओर से बताया गया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार के नाम को स्वीकृति प्रदान की है। यह जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा दी गई। उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही BJP ने चुनावी अभियान की रणनीति को भी अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी संगठन अब बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और सीट पर अपनी पकड़ बरकरार रखने की तैयारी में जुट गया है।

ये भी पढ़ें: PM Modi: इंडोनेशिया की संसद में बोले पीएम मोदी, 'भारत विस्तारवाद नहीं, विकासवाद में करता है विश्वास'

प्रशांत किशोर की पहली परीक्षा 

बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। यहां से लगातार नितिन नवीन विधायक चुने जाते रहे हैं। हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर राज्यसभा का रुख किया, जिसके कारण यह सीट खाली हुई। अब होने वाला उपचुनाव बीजेपी के लिए अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती लेकर आया है। दूसरी ओर, जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर पहली बार खुद चुनावी मैदान में उतर रहे हैं, इसलिए यह मुकाबला उनके राजनीतिक भविष्य की भी अहम परीक्षा माना जा रहा है। वहीं आरजेडी भी इस सीट पर मजबूत चुनौती पेश करने की तैयारी में है।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे 

चुनाव आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है। बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी। चुनाव की अधिसूचना 6 जुलाई को जारी की जा चुकी है और नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 16 जुलाई नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। चुनावी कार्यक्रम तय होने के साथ ही बांकीपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और बीजेपी, आरजेडी तथा जनसुराज के बीच कांटे की टक्कर देखने की संभावना जताई जा रही है। 

ये भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी को दिल्ली HC से राहत... एक्स पर लगा बैन हटा, जानें सरकार ने क्या दलीलें दी?

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts