उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक ही दिन में दो बाघ शावकों की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, टाइगर रिजर्व के पनपथा और खितौली रेंज में दो शावकों की मौत हुई है। मरने वाले दोनों बाघ शावक एक वर्ष के अंदर के बताए जा रहे हैं। वहीं जानकारी लगते ही मौके पर पहुंचे टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। दोनों ही बाघ शावकों पर किसी बड़े बाघ ने हमला किया है, जिससे उनकी मौत हुई है।
मारने के बाद खा गया बाघ
जानकारी के अनुसर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा परिक्षेत्र के सेहरा बीट में सोमवार को क्षत-विक्षत अवस्था में बाघ शावक का शव मिला है। वह बुरी तरह से नोचा हुआ था। संभवत बाघ ने शावकों पर हमला करने के बाद उसके शव को खा भी लिया है, जिसकी वजह से यह पता नहीं चल पा रहा है कि मरने वाले बाघ शावक नर है या मादा। जानकारी लगते ही टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
वहीं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सोमवार को ही दूसरे शावक का शव खितौली परिक्षेत्र के गढ़पुरी गांव के पास मिलने की जानकारी प्रबंधन को लगी। यहां मरने वाला बाघ शावक भी दूसरे बाघ के हमले में मारा है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उपसंचालक पीके वर्मा ने बताया कि, 2 शावकों के शव मिले हैं। आपसी संघर्ष में शावकों की मौत हुई है। दोनों शावकों की उम्र एक वर्ष से कम है। जांच की जा रही है।
#मध्य_प्रदेश : बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक ही दिन में दो शावकों की मौत, पनपथा और खितौली रेंज में 1 साल से कम उम्र के दो शावकों के मिले शव। जांच में जुटा प्रबंधन, इस साल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में कुल 9 बाघ मरे।@minforestmp @MPTourism @BandhavgarhTig2 #BandhavgarhTigerReserve… pic.twitter.com/CTA7Np8An6
— Peoples Samachar (@psamachar1) March 26, 2024
साल 2024 में अब तक 8 बाघों की मौत
इन दो बाघ शावकों की मौत के बाद इस साल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मरने वाले बाघों की संख्या 9 हो गई है।
- 10 जनवरी 24 : पतोर रेंज चिल्हारी बीट के आर 421 के कुशहा नाल में 15 -16 महीने के बाघ शावक का एक महीना पुराना कंकाल पाया गया।
- 16 जनवरी 2024 : धमोखर परिक्षेत्र के ग्राम बरबसपुर से करीब एक किमी दूर नर बाघ शावक का शव मिला। जिसकी उम्र करीब 12 से 15 माह थी।
- 23 जनवरी 2024 : मानपुर बफर रेंज के पटपरिया हार पीएफ 313 में एक बाघिन का शव मिला।
- 31 जनवरी 2024 : बांधवगढ टाइगर रिजर्व के कल्लवाह परिक्षेत्र के आरएफ क्रम 255 में गश्ती के दौरान एक बाघ मृत अवस्था में मिला।
- 29 फरवरी 2024 : पनपथा कोर के बघड़ो बीट में बाघ मृत मिला, जिसकी अनुमानित उम्र 5 से 6 साल की बताई गई। बाघ की मौत आपसी संघर्ष की वजह से हुई।
- 02 मार्च 2024 : बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की पतौर रेंज में तीन साल का बाघ मृत पाया गया। स्थान:- चपटा पटेरा, आरएफ 435, बीट पिटोर, रेंज पतौर
- 04 मार्च 2024 : पनपथा कोर रेंज के हरदी बीट कक्षा आरएफ 455 में बाघ का शव मिला।
- 25 मार्च 2024 : बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा और खितौली रेंज में 2 बाघ शावकों की मौत।
ये भी पढ़ें- VIDEO : बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में फिर मिला बाघ का कंकाल, जांच में जुटा वन विभाग