जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

बांधवगढ़ : मानपुर जनपद में बाघ के हमले की दो घटनाएं, 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत; एक महिला घायल

बांधवगढ़। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर जनपद में बुधवार को बाघ के हमले की दो घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में ग्राम पंचायत झाल में नत्थू पाल पिता देवीदीन पाल (47 वर्ष) पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि, दूसरी घटना में मानपुर परिक्षेत्र में महुआ बीनने गई महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। फिलहाल, महिला का मानपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ग्राम पंचायत झाल में बाघ का जानलेवा हमला

मानपुर जनपद के ग्राम पंचायत झाल में सुबह 6 बजे नत्थू पाल पिता देवीदीन पाल (47 वर्ष) रास्ते से जा रहा था, तभी अचानक सड़क के किनारे बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। हमला करने के बाद बाघ नत्थू पाल को झाड़ियों में ले गया, जहां मारकर उसे बूरी तरह घायल कर दिया। जिसके बाद नत्थू पाल की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों द्वारा सूचना देने पर भी वन विभाग के कर्मचारी-अधिकरी मौके पर नहीं पहुंचे। जबकि, तीन दिन से बाघ की लोकेशन थी। ऐसे में यदि कोई कर्मचारी उपस्थित रहता तो उनकी सूचना के आधार पर व्यक्ति की जान बच सकती थी। लेकिन आलम यह है कि झाल चौकी में कोई भी कर्मचारी-अधिकारी मौजूद नहीं रहते हैं। पनपथा बफर के रेंजर, कर्मचारियों के नही आने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

महुआ बीनने जंगल गई महिला पर बाघ ने किया हमला

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर परिक्षेत्र में महुआ बीनने गई महिला पर बाघ  ने हमला कर दिया। बाघ के हमले से मानपुर निवासी चानिबाई पति बिहारी लाल बैगा (28 वर्ष) घायल हो गई। सूचना मिलने पर मानपुर परिक्षेत्राधिकारी मुकेश अहिरवार और वनरक्षक के साथ उनकी टीम ने घायल को मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना सुबह करीब 9 बजे की है। मानपुर परिक्षेत्राधिकारी मुकेश अहिरवार द्वारा घायल महिला के परिवार को तत्कालिक 1000 रुपए की राशि दी गई।

(इनपुट – गोपाल तिवारी)

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button