रक्षाबंधन पर गैस सिलेंडर की किल्लत, गोदाम पर लगा ताला; नाराज लोगों ने किया चक्काजाम

रायसेन। करीब दस दिन इंतजार करने के बाद गोदाम पहुंचे उपभोक्ताओं को वहां भी सिलेंडर नहीं मिला और गोदाम पर ताला लगा मिला। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर की पर्ची करीब 965 रुपए की है और 35 रुपए होम डिलीवरी चार्ज भी लिया जाता है। रक्षाबंधन के कारण गैस सिलेंडर की मांग बढ़ी है, जिससे लोगों के सामने घर में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला संभाला, वहीं बरेली एसडीएम अंकित कुमार जैन ने निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।
पर्ची के बाद भी उपभोक्ता सिलेंडर के लिए भटक रहे
उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर की पर्ची करीब 965 रुपए की है, वहीं 35 रुपए होम डिलीवरी चार्ज भी लिया जाता है। इसके बावजूद न तो सिलेंडर घर पहुंचाया जा रहा है और न ही गोदाम पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि जब होम डिलीवरी के नाम पर राशि ली जा रही है तो उन्हें सिलेंडर लेने के लिए बार-बार एजेंसी और गोदाम के चक्कर क्यों लगाने पड़ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले-मंत्री विजय शाह को बर्खास्त किया जाए, राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग
त्योहार पर खाना बनाने का संकट
रक्षाबंधन के कारण गैस सिलेंडर की मांग बढ़ी है। सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों के सामने घर में भोजन बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। उपभोक्ता रामजी ठाकुर, सूरज कुशवाहा, तनमय शर्मा और अनबर खान ने बताया कि उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिला। एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद कई बार गोदाम बंद मिलता है।
पुलिस की समझाइश के बाद खुला जाम
बुधवार को करीब दस दिन इंतजार करने के बाद गोदाम पहुंचे उपभोक्ताओं को वहां सिलेंडर नहीं मिला और गोदाम पर ताला लगा मिला। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने बकतरा रोड पर चक्काजाम कर विरोध जताया। चक्काजाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और नाराज उपभोक्ताओं को समझाइश दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एजेंसी संचालक से चर्चा कर समस्या का जल्द निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर में अकीदत के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी का जश्न
एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश
मामले में बरेली एसडीएम अंकित कुमार जैन ने निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया है। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई की बात कही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि गैस सिलेंडर की वास्तविक कमी थी या फिर वितरण व्यवस्था में लापरवाही और अनियमितता हुई है। फिलहाल उपभोक्ता त्योहार के बीच गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान हैं और समस्या के जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।




















