ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज शॉन मार्श ने किया क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान, IPL के पहले सीजन में जीता था ऑरेंज कैप

स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज शॉन मार्श ने शनिवार को बड़ा कदम उठाते हुए सभी तरह की क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। 40 साल के मार्श ने इंटरनेशनल क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले लिया था, लेकिन अब उन्होंने प्रोफेशनल क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया है। मार्श अभी मेलबर्न डर्बी में बिग बैश लीग (BBL) में अपनी टीम रेनेगेड्स की ओर से खेल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बताया कि बुधवार को सिडनी थंडर के खिलाफ होने वाला मैच उनके करियर का आखिरी मैच होगा। मार्श के भाई मिचेल मार्श और उनके पिता ज्योफ मार्श भी कंगारू टीम के लिए खेल चुके हैं।
IPL के 71 मुकाबलों में बनाए 2,477 रन
IPL के शुरुआती सीजन में मार्श का बल्ला खूब चमका था। उन्होंने 2008 के पहले सीजन में 11 मैच में 616 रन बनाए थे। वे आईपीएल में सिर्फ पंजाब किंग्स के लिए खेले हैं। उन्होंने IPL में 71 मुकाबले खेले हैं और 2,477 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 20 अर्धशतक लगाए हैं। मार्श ने IPL के पहले सीजन में ऑरेंज कैप भी जीता था। उस समय उनका ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू नहीं हुआ था।












