ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

इंदौर कलेक्टर नहीं बन पाए आशीष सिंह को अब भोपाल जिले की कमान

राज्य शासन ने दो दिन में बदला आदेश, लवानिया को एमपीआरडीसी भेजा

भोपाल। राज्य शासन द्वारा दो दिन पहले 19 आईएएस अफसरों के किए गए तबादला आदेश में बुधवार को संशोधन किया गया। इसमें बड़ा परिवर्तन भोपाल कलेक्टर को लेकर किया गया। ग्वालियर कलेक्टर पद से हटाकर मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर सचिव बनाए गए कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को भोपाल जिले की कमान दी गई थी। कौशलेन्द्र कार्यभार ग्रहण करते इसके पहले उनका आदेश बदल दिया गया। अब भोपाल जिले का कलेक्टर एमपीआरडीसी के एमडी आशीष सिंह को बनाया गया है।

सूत्रों बताते हैं कि आशीष सिंह को उज्जैन के बाद इंदौर का कलेक्टर बनाए जाने का आश्वासन मिला था। लेकिन, जबलपुर कलेक्टर टी इलैया राजा भारी पड़ गए। उज्जैन से हटने के बाद आशीष सिंह को उम्मीद थी कि भोपाल की कमान मिलेगी। लेकिन कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को बना दिया गया। अंदरखाने की माने तो इससे संघ से जुड़े एक प्रमुख ने गहरी नाराजगी जताई और आशीष को भोपाल कलेक्टर बनाने पर जोर दिया। उधर, यह भी माना जा रहा है कि कौशलेन्द्र इस समय ओंकारेश्वर परियोजना देख रहे हैं। यह सीएम के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना है। यही कारण है कि उन्हें एमपीटी का एमडी बनाया गया है।

जल निगम में एमडी बनाए गए अविनाश लवानिया के आदेश को बदलने के पीछे माना जा रहा है कि पीएचई विभाग मुख्यमंत्री के पास है। लवानिया, वरिष्ठ मंत्री के रिश्तेदार हैं। इसलिए लवानिया को एमपीआरडीसी का एमडी बना दिया गया। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में एमपीटी के एमडी एस विश्वनाथन को जल निगम का एमडी बनाया गया है।

संबंधित खबरें...

Back to top button