
मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता अनुराग कश्यप ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली है। उन्होंने खुलासा किया कि वह मुंबई छोड़ चुके हैं और अब साउथ इंडिया में शिफ्ट हो गए हैं। अनुराग ने बॉलीवुड को टॉक्सिक बताते हुए कहा कि यहां अब क्रिएटिव माहौल खत्म हो चुका है और हर कोई सिर्फ बड़े बजट की फिल्मों के पीछे भाग रहा है।
मुंबई छोड़कर बैंगलोर शिफ्ट हुए अनुराग कश्यप
एक मीडिया इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने पुष्टि की कि उन्होंने मुंबई छोड़ दी है और अब दक्षिण भारत में रह रहे हैं। एक सूत्र के मुताबिक, अनुराग कश्यप बैंगलोर शिफ्ट हो गए हैं। अनुराग लंबे समय से बॉलीवुड की कार्यशैली से नाखुश थे और अब उन्होंने इससे पूरी तरह दूरी बना ली है। उन्होंने कहा, “मैं फिल्मी लोगों से दूर रहना चाहता हूं, यह इंडस्ट्री बहुत जहरीली हो गई है।”
अनुराग के अनुसार, अब हर कोई केवल 500-800 करोड़ की फिल्म बनाने के पीछे भाग रहा है, जिससे क्रिएटिविटी खत्म हो रही है।
फिल्म निर्माण का आनंद खत्म हो गया है– अनुराग कश्यप
अनुराग कश्यप ने पहले भी बॉलीवुड के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की थी। हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि वह दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करना चाहते हैं। अनुराग ने बताया कि वह साउथ के फिल्म निर्माताओं से जलते हैं, क्योंकि वहां रचनात्मकता को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा, “बॉलीवुड में अब फिल्म शुरू होने से पहले ही यह सोचा जाता है कि इसे कैसे बेचा जाएगा।”
अनुराग के मुताबिक, अब निर्माता सिर्फ मुनाफे की सोचते हैं, जिससे नई कहानियों और प्रयोगों की गुंजाइश खत्म हो गई है। उन्होंने आगे कहा, “सचमुच, अगले साल मैं मुंबई से बाहर जा रहा हूं।”
अनुराग कश्यप की आने वाली फिल्में
मुंबई छोड़ने के बावजूद अनुराग कश्यप फिल्मों से जुड़े रहेंगे। फिलहाल, वह मलयालम फिल्म फुटेज के प्रमोशन में व्यस्त हैं। यह फिल्म सैजू श्रीधरन द्वारा निर्देशित है और इसमें मंजू वारियर, विशाक नायर और गायत्री अशोक मुख्य भूमिकाओं में हैं। फुटेज का हिंदी वर्जन 7 मार्च, 2025 को रिलीज किया जाएगा। अनुराग कश्यप जल्द ही डकैत फिल्म में एक निडर पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म हिंदी और तेलुगु में एक साथ शूट की जा रही है, जिसमें अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में होंगे। हालांकि, इसकी रिलीज डेट की घोषणा अभी नहीं की गई है।
One Comment