MP News: अलीराजपुर में गांजे की खेती पर पुलिस का छापा, 1 करोड़ का माल जब्त

मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में गांजे की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चार थानों की संयुक्त टीम ने छोटा इटारा के डुडवा फलिया में दो खेतों पर छापा मारा। यहां से गांजे के हजारों पौधे जब्त किए गए हैं। पुलिस ने जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
चार थानों की संयुक्त टीम ने दी दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटा इटारा के डुडवा फलिया में दो खेतों में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। इसके बाद रविवार सुबह करीब 7 बजे आम्बुआ, उदयगढ़, आजाद नगर और जोबट थाने की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों खेतों से गांजे के पौधे जब्त किए।
दो आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में केस
एसडीओपी जोबट आशुतोष पटेल के मुताबिक, इस मामले में मुकाम चौहान पिता रत्निया चौहान (44) और जगन पिता गुलसिंह (50), दोनों निवासी छोटा इटारा, के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। इनमें अपराध क्रमांक 299/26 और 300/26 शामिल हैं।
एक करोड़ रुपये आंकी गई जब्त गांजे की कीमत
पुलिस के अनुसार, दोनों खेतों से जब्त गांजे के पौधों का कुल वजन 2079 किलोग्राम बताया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




















