अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

Alaska Airlines : जब हवा में लटक गई 180 लोगों की जिंदगी, 16000 फीट की ऊंचाई पर विमान की खिड़की उड़कर नीचे गिरी; मची अफरा तफरी

Alaska Airlines। अमेरिका के पोर्टलैंड में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां 16000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान की खिड़की अचानक उखड़ कर नीचे गिर गई। इसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पायलट ने विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। विमान में क्रू मेंबर्स समेत 180 यात्री सवार थे। घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

खिड़की टूटने के बाद ऑक्सीजन मास्क गिरने लगे

घटना शुक्रवार शाम की है। जब एक विमान पोर्टलैंड, ओरेगॉन से ओंटारियो, कैलिफोर्निया की तरफ जा रहा था। तभी विमान की खिड़की अचानक टूटकर नीचे जा गिरी। जिसकी वजह से कई यात्रियों के फोन और अन्य वस्तुएं भी प्लेन से बाहर गिरने लगे। खिड़की टूटने के बाद केबिन का दबाव कम हो गया। इससे ऑक्सीजन मास्क यात्रियों के उपर गिरने लगे। विमान में हड़कंप मचते ही पायलट ने पोर्टलैंड अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की। देखें VIDEO…

विमान में सवार यात्रियों ने बताई आपबीती

विमान में सवार यात्रियों के अनुसार, उन्होंने एक जोरदार धमाका सुना और देखा कि विमान की एक खिड़की उखड़कर नीचे गिर गई है। विमान में 6 क्रू मेंबर्स और 174 यात्री सवार थे। खिड़की उखड़ने से विमान की दीवार पर एक बड़ा सा क्रैक नजर आने लगा। इससे सभी घबरा गए।

बाल-बाल बचा बच्चा

खिड़की के पास बैठा एक बच्चा गिरने से बच गया। बच्चे को सक्शन (हवा का प्रेशर) ने खींच लिया था, यहां तक की उसकी शर्ट भी फट गई थी। इसके बाद तुरंत सभी को खिड़की से दूर कर दिया गया। हवा इतनी तेज थी कि, खिड़की के पास वाली सीट भी उड़ गई।

नवंबर 2023 में विमान हुआ था सर्टिफाइड

यह घटना अलास्का की उड़ान 1282, के बोइंग 737-9 मैक्स में हुई। विमान के रिकॉर्ड के अनुसार, उड़ान से ठीक दो महीने पहले नवंबर 2023 में संघीय विमानन प्राधिकरण द्वारा इसे सर्टिफाइड किया गया था। अलास्का एयरलाइंस ने एक्स पर घटना को स्वीकार किया और कहा कि वे जांच के बाद ही अधिक जानकारी दे पाएंगे।

ये भी पढ़ें – बांग्लादेश में चुनाव से पहले भड़की हिंसा : उपद्रवियों ने ट्रेन में लगाई आग, 5 की मौत; कई अन्य घायल, विपक्ष ने की हड़ताल की घोषणा

संबंधित खबरें...

Back to top button