राष्ट्रीय

राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगा भाजपा का पूर्व सहयोगी अकाली दल

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सहयोगी अकाली दल ने राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए NDA की प्रत्‍याशी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का ऐलान किया है। राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए का कुनबा अब और मजबूत हो गया है। पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से बातचीत के बाद हमनें NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है। इसके साथ ही जनता दल सेक्यूलर (जेडीएस) के नेता एचडी देवेगौड़ा ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए का साथ देने की बात कही है।

मायावती का बड़ा बयान

अकाली दल से पहले बसपा प्रमुख मायावती भी राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान कर चुकी हैं। एनडीए का साथ देने का एलान करते हुए मायावती ने कहा था कि वो द्रौपदी मुर्मू का समर्थन इसलिए कर रही हैं क्योंकि वो आदिवासी समुदाय से आती हैं।

24 जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है कार्यकाल

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है। पिछली बार 17 जुलाई 2017 को राष्ट्रपति चुनाव हुए थे। राष्ट्रपति को चुनने के लिए आम लोग वोटिंग नहीं करते। इसके लिए जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि और उच्च सदन के प्रतिनिधि वोट डालते हैं। राष्ट्रपति चुनाव में दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) के सदस्य वोट डालेंगे। इसके अलावा सभी राज्यों की विधानसभा के सदस्य भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग करते हैं।

कब है राष्ट्रपति चुनाव ?

चुनाव आयोग पहले ही राष्ट्रपति चुनाव के लिए तारीख का ऐलान कर चुका है। चुनाव आयोग के मुताबिक, 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव का मतदान होगा। वहीं, इसके नतीजे 21 जुलाई को सामने आएंगे। देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button